नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025)में शुक्रवार (2 मई) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को अपने 10वें लीग मैच में गुजरात टाइटंस को 38 रनों से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। सनराइजर्स की यह इस सीजन सातवीं हार थी। छह अंकों के साथ पैट कमिंस की अगुआई वाली टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर बनी हुई है। उसकी शीर्ष चार में जगह बनाने और प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने की उनकी संभावनाएं लगभग खत्म हो चुकी हैं।
काव्या मारन की टीम को शीर्ष चार में जगह बनाने के लिए चमत्कार की जरूरत होगी। सनराइजर्स हैदराबाद अपने शेष चार लीग मैच जीतती है तो भी 14 अंकों तक पहुंच पाएगी। तीन टीमें मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पहले ही 14 अंक हो चुके हैं। पंजाब किंग्स के पास 10 मैचों के बाद 13 अंक हैं। सनराइजर्स हैदराबाद को प्लेऑफ की रेस से बाहर करने के लिए इन टीमों को 1-1 मैच जीतने हैं।
कैसे पहुंच सकती है प्लेऑफ में
सनराइजर्स हैदराबाद को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए शेष चार मैच बहुत बड़े अंतर से जीतने होंगे। इसके बाद उम्मीद करनी होगी कि तीन से अधिक टीमों के 14 से अधिक अंक न हो। ऐसे परिदृश्य में 14 अंक और बेहतर नेट रन रेट के साथ सनराइजर्स शीर्ष चार में जगह बना सकती है और एलिमिनेटर खेल सकती है। सनराइजर्स हैदराबाद को 5 मई को दिल्ली कैपिटल्स, 10 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स, 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और 18 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स से भिड़ना है।
सनराइजर्स हैदराबाद के अबतक खेले मुकाबलों के परिणाम
तारीख | कौन जीता | कौन हारा | अंतर | वेन्यू |
23 मार्च | सनराइजर्स हैदराबाद | राजस्थान रॉयल्स | 44 रन | हैदराबाद |
27 मार्च | लखनऊ सुपर जायंट्स | सनराइजर्स हैदराबाद | 5 विकेट | हैदराबाद |
30 मार्च | दिल्ली कैपिटल्स | सनराइजर्स हैदराबाद | 7 विकेट | विशाखापत्तनम |
3 अप्रैल | कोलकाता नाइट राइडर्स | सनराइजर्स हैदराबाद | 80 रन | कोलकाता |
6 अप्रैल | गुजरात टाइटंस | सनराइजर्स हैदराबाद | 7 विकेट | हैदराबाद |
12 अप्रैल | सनराइजर्स हैदराबाद | पंजाब किंग्स | 8 विकेट | हैदराबाद |
17 अप्रैल | मुंबई इंडियंस | सनराइजर्स हैदराबाद | 4 विकेट | मुंबई |
23 अप्रैल | मुंबई इंडियंस | सनराइजर्स हैदराबाद | 7 विकेट | हैदराबाद |
25 अप्रैल | सनराइजर्स हैदराबाद | चेन्नई सुपर किंग्स | 5 विकेट | चेन्नई |
2 मई | गुजरात टाइटंस | सनराइजर्स हैदराबाद | 38 रन | अहमदाबाद |