नई दिल्ली: आईपीएल के अधिकारियों और सभी फ्रेंचाइजियों के बीच 15 दिसंबर, सोमवार को अबु धाबी में बैठक हुई। आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन से पहले आयोजित इस मीटिंग में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सभी टीमों को बताया कि आईपीएल 19 की शुरुआत 26 मार्च, गुरुवार से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई, रविवार को खेला जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल के सीईओ हेमंग अमीन ने आगामी सीजन की तारीखों का खुलासा किया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ओपनिंग मैच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा या नहीं। ध्यान देने वाली बात यह है कि RCB ने पिछला सीजन जीता था, और नियम के अनुसार डिफेंडिंग चैंपियन अपना पहला मैच होम ग्राउंड पर खेलती है। 4 जून को हुई भगदड़ की घटना के बाद बेंगलुरु के इस स्टेडियम पर बैन लगाने की आवाजें भी उठी थीं।
डिप्टी सीएम ने आईपीएल 2026 की तारीखों की जानकारी दी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को राज्य सरकार की ओर से आईपीएल मैच का आयोजन करने के लिए क्लीन चिट मिल चुकी है। अब यह अन्य तैयारियों और इंतजामों पर निर्भर करेगा कि स्टेडियम में मैच हो पाएंगे या नहीं। कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने इस बारे में कहा, “हमें पूरी उम्मीद है कि चिन्नास्वामी में मैच होंगे। हमने निर्णय ले लिया है और गृहमंत्री के साथ मीटिंग के बाद हम पॉजिटिव सोच रहे हैं। गृहमंत्री इस पर क्रिकेट एसोसिएशन के साथ बात करेंगे।”
आईपीएल 2026 का मिनी ऑक्शन अबु धाबी में होगा
आईपीएल 2026 के लिए नीलामी का मंच अबु धाबी में सज चुका है। एतिहाद एरिना में 16 दिसंबर दोपहर से मिनी ऑक्शन शुरू होगा। इस ऑक्शन में 350 से ज्यादा खिलाड़ियों के नाम टेबल पर आएंगे, जिनमें से अधिकतम 77 खिलाड़ियों की किस्मत खुल सकती है। केकेआर की टीम सबसे बड़े पर्स के साथ भाग लेगी। प्रत्येक टीम अपने साथ अधिकतम 25 खिलाड़ी जोड़ सकती है, जिसमें अधिकतम 8 विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।

