नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL का दबदबा अब T20 वर्ल्ड कप में साफ नजर आ रहा है। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेले जा रहे टूर्नामेंट की चार सेमीफाइनलिस्ट टीमों के 60 खिलाड़ियों में से 50 खिलाड़ी IPL खेल चुके हैं। यानी नॉकआउट दौर में पहुंचने वाले करीब 83 प्रतिशत खिलाड़ियों को IPL का अनुभव है।
भारत की पूरी टीम IPL से जुड़ी
भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी IPL का हिस्सा रह चुके हैं। खास बात यह है कि टीम में दो ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जो IPL फ्रेंचाइजी के कप्तान भी हैं। हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस और अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हैं। इसके अलावा सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह मुंबई इंडियंस के अहम खिलाड़ी रहे हैं, जबकि ईशान किशन, संजू सैमसन और कुलदीप यादव भी अलग-अलग फ्रेंचाइजियों से जुड़े रहे हैं।
अन्य टीमों में भी IPL का असर
साउथ अफ्रीका की सेमीफाइनलिस्ट टीम के 15 में से 13 खिलाड़ी IPL खेल चुके हैं, जिनमें एडन मार्करम, डेविड मिलर, क्विंटन डी कॉक और कगिसो रबाडा शामिल हैं। न्यूजीलैंड के 11 खिलाड़ियों ने IPL खेला है, जबकि इंग्लैंड की सेमीफाइनलिस्ट टीम के भी 11 खिलाड़ी IPL अनुभव रखते हैं। इंग्लैंड की ओर से जोस बटलर, हैरी ब्रूक और सैम करन जैसे नाम IPL से जुड़े रहे हैं।
फ्रेंचाइजी के हिसाब से दबदबा
फ्रेंचाइजी स्तर पर देखें तो मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के 8-8 खिलाड़ी सेमीफाइनलिस्ट टीमों में शामिल हैं। गुजरात टाइटंस के 7, चेन्नई सुपर किंग्स के 6 और कोलकाता नाइट राइडर्स के 5 खिलाड़ी टॉप-4 टीमों का हिस्सा हैं।
अनुभव में भी भारत सबसे आगे
IPL अनुभव के मामले में भारतीय टीम सबसे आगे है, जिसके खिलाड़ियों के पास कुल 1630 IPL मैचों का अनुभव है। इसके मुकाबले इंग्लैंड के पास 315, साउथ अफ्रीका के पास 603 और न्यूजीलैंड के पास सिर्फ 194 IPL मैचों का अनुभव है।

