नई दिल्ली : ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध का असर अब खेल जगत पर भी देखने को मिल रहा है। कई देशों ने सुरक्षा कारणों से अपने एयर स्पेस बंद कर दिए हैं, जिसकी वजह से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है। इसके चलते खिलाड़ियों और टीमों को एक जगह से दूसरी जगह जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भी यही समस्या सामने आई थी, जब वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीमें भारत में ही फंस गई थीं। हालात ऐसे बने कि टीमों को वापस भेजने के लिए चार्टर्ड विमानों का इंतजाम करना पड़ा। इसी बीच यात्रा संबंधी समस्याओं को देखते हुए अब एक टी20 और वनडे सीरीज को भी रद्द करने का फैसला लिया गया है।
IPL 2026 के शेड्यूल में भी हो रही देरी
वहीं आईपीएल 2026 का शेड्यूल भी अभी तक नहीं आया है क्या इसमें भी देरी का यही कारण हो सकता है? आईपीएल में भी वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड समेत कई देशों के विदेशी खिलाड़ी खेलते हैं। ऐसे में विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता पर संदेह बना हुआ हो सकता है। यही कारण भी शायद है कि अभी तक टूर्नामेंट का शेड्यूल नहीं जारी हुआ है। क्योंकि अभी तक वर्ल्ड कप के बाद ही कई प्रमुख टीमों के विदेशी खिलाड़ी अपने देश नहीं लौट पाए हैं। उसमें एडेन मार्कराम, क्विंटन डी कॉक, शिमरोन हेटमायर, लुंगी एनगिडी, रयान रिकल्टन, कगिसो रबाडा, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन होल्डर जैसे तमाम नामी खिलाड़ी हैं जो आईपीएल टीमों का हिस्सा हैं। 28 मार्च से आईपीएल 2026 की शुरुआत होनी है।
युद्ध के असर से श्रीलंका-अफगानिस्तान सीरीज रद्द
श्रीलंका क्रिकेट के एक अधिकारी ने सोमवार को जानकारी दी कि उनकी पुरुष राष्ट्रीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे और टी20 सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएगी। यह सीरीज इसी हफ्ते यूएई में शुरू होने वाली थी। हालांकि, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण सुरक्षा हालात प्रभावित हुए हैं। दुबई और संयुक्त अरब अमीरात के कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दुबई एयरपोर्ट के अस्थायी रूप से बंद होने की खबरें भी सामने आई थीं, जिसके चलते इस सीरीज को रद्द करने का फैसला लिया गया।
एएफपी से बातचीत में श्रीलंका क्रिकेट के एक अधिकारी ने कहा, “मौजूदा युद्ध और फ्लाइट्स की मौजूदा स्थिति को देखते हुए हमें इस सीरीज को रद्द करना पड़ रहा है।” इस सीरीज के तहत तीन टी20 मुकाबले 13, 15 और 17 मार्च को शारजाह में खेले जाने थे। इसके बाद दुबई में 20, 22 और 25 मार्च को तीन वनडे मैचों की सीरीज प्रस्तावित थी। इस पूरी सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान टीम कर रही थी।

