खेल मंत्री ने इटारसी में आठ करोड़ की लागत वाले राजमाता विजया राजे सिंधिया खेल प्रशाल का लोकार्पण किया
भोपाल। प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया ने आज इटारसी में 8 करोड की लागत से निर्मित श्रीमंत राजमाता विजया राजे सिंधिया खेल प्रशाल का लोकार्पण किया। इसके पूर्व उन्होंने खेल परिसर का निरीक्षण किया तथा खेल मशाल प्रज्वलित की और कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन कर किया। खेल मंत्री ने एशिया खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों मुस्कान किरार, हर्षिता तोमर एवं आध्या तिवारी का सम्मान किया। हाकी खिलाडी विवेक सागर के पिता का भी सम्मान किया गया।

इटारसी में बने खेल प्रशाल की सराहना करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि म.प्र. विधानसभा के अध्यक्ष डाँ. सीताशरण शर्मा के प्रयासों से यह खेल प्रशाल बना है। उन्होने नगर वासियों से अपील की कि खेल प्रशाल का सम्मान करते हुए यहां स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और यहां पानी की बोतल या अन्य प्रकार का कचरा ना डाले। उन्हांेने कहा कि खेल प्रशाल आपका है और इसे आपको ही सवारना है। उन्होंने कहा कि इटारसी के खेल प्रशाल में जल्द ही फुटबाल एरिया को एक सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा तथा ऐसे 10 सेंटर और बनाए जाएगें जहां लोगो का रूझान एवं गतिविधियां फुटबाल के लिए बढ रहीं है। उन्होने कहा कि यहां बनाए रनिंग ट्रेक को सिंथेटिक ट्रेक में बदला जाएगा, साथ ही एक इंडोर हाल भी बनाया जाएगा जहां बालीवाल, बैडमिंटन की सुविधा रहेगी। इसके अलावा प्रशाल की बायी साईड पर टेनिस, खो खो, मल्लखम्ब आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
खेल मंत्री ने कहा कि आज माता पिता भी बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित कर रहे है। उन्होंने बताया कि खेल विभाग द्वारा करीब तीस एकड क्षेत्र में घुडसवारी अकादमी संचालित की जा रही है और घुडसवारी में भी प्रदेश को मेडल मिल रहें है। उन्होने इटारसी के खेल प्रशाल में प्रवेश मार्ग रेल्वे की तरफ से बनाने के निर्देश दिए।इस अवसर पर म.प्र. तैराकी संघ के अध्यक्ष श्री पीयूष शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गत 5 जुलाई 2016 को खेल मंत्री जी ने खेल प्रशाल का भूमि पूजन किया था। खेल प्रशाल 2 साल 2 महीने 10 दिन में बनकर तैयार हुआ है। उन्होने इटारसी में स्ट्रोटर्फ बनाए जाने की आवश्यकता बताई। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुधा राजेन्द्र अग्रवाल ने राज माता विजया राजे सिंधिया खेल परिसर बनाए जाने पर जिले वासियो की ओर से आभार व्यक्त किया। लोकार्पण कार्यक्रम को राज्य अंत्योदय समिति के सदस्य श्री हरि शंकर जायसवाल ने भी संबोधित किया।
खेल संचालक डाँ. एस. एल. थाउसेन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन होशंगाबाद जिले के खेल कलेण्डर में ऐतिहासिक दिन के रूप में याद रखा जाएगा, क्योकि आज के दिन जिले को खेल परिसर के रूप में बहुत बड़ी सौगात मिली है। इस खेल परिसर में टेनिस, खो खो, मल्लखम्ब एवं बैडमिंटन की खेल सुविधाएं भी उपलब्ध है। उन्होने कहा कि आगामी दिनों में इस खेल परिसर में करीब 14-15 करोड की राशि का व्यय कर इसे और भी बेहतर बनाया जाएगा ताकि यहां जिले की खेल प्रतिभाएं तैयार हो सके। उन्होने नागरिकों से अनुरोध करते हुए कहा कि वे खेल परिसर का सम्मान करते हुए यहां स्वच्छता बनाए रखें और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करें ताकि यहां अंतर्राष्ट्रीय खिलाडी तैयार हो सकें।
इस अवसर पर जिला हाॅकी संघ, जिला फुटबाल संघ, जिला क्रिकेट एसोसिएशन, जिला साॅफ्टबाल संघ, वरिष्ठ नागरिक मंच, केरम एसोसिएशन, बैडमिंटन एसोसिएशन एवं शिक्षक संघ ने पुष्प गुच्छ भेंट कर खेल मंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री कुशल पटेल, श्रीमती माया नरोलिया, राजो मालवीय, कलेक्टर प्रियंका दास, पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद सक्सेना, खेल विभाग के संयुक्त संचालक डाँ. विनोद प्रधान एवं श्री बी.एस. यादव सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि गण और विभिन्न खेलों के खिलाडी मौजूद थे।