नई दिल्ली : ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 खत्म हो चुका है और अब इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की तारीख का भी ऐलान हो गया है। IPL के इस सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होगी। इससे पहले भारत के टेस्ट और ODI कप्तान शुभमन गिल को लेकर पूर्व भारतीय खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने एक बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। आकाश चोपड़ा का मानना है कि शुभमन गिल भारतीय टी20 टीम के कप्तान तो क्या, अगर उनकी टीम में भी वापसी हो जाए तो यह बड़ी बात होगी। उनके हिसाब से इस समय टीम में ईशान किशन, संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है। आकाश चोपड़ा ने यह बात अपने यूट्यूब चैनल पर कही।
टी20 टीम में जगह बनाना गिल के लिए बड़ी चुनौती
आकाश चोपड़ा से एक यूजर ने सवाल किया कि क्या टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से शुभमन गिल का सफर खत्म हो चुका है। टी20आई में भारत अटैकिंग क्रिकेट खेल रहा है और वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल और आयुष म्हात्रे जैसे खिलाड़ी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
आकाश चोपड़ा ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि भारतीय टीम काफी आक्रामक क्रिकेट खेल रही है और जिस तरह से वर्ल्ड कप के मुकाबलों में टीम ने रन बनाए तो इस स्थिति में आपको एक ऐसे खिलाड़ी की जरूरत नहीं है जो एंकर करे। अगर आप शुभमन गिल से इस तरह की आक्रामक खेल की अपेक्षा करोगे तो ऐसा ना हो कि हम उस गिल को खो दें टेस्ट में बेहतरीन है और जो वनडे का जाइंट बन सकता है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि शुभमन गिल के लिए टी20 टीम में वापसी आसान नहीं होगी। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि क्रिकेट में कभी भी परिस्थितियां बदल सकती हैं, इसलिए वापसी को पूरी तरह नाकामयाब नहीं जा सकता। आकाश चोपड़ा के मुताबिक अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी टीम में मजबूत दावेदार के साथ मौजूद हैं और उनके बाहर होने की संभावना कम है।
उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की सोच अक्सर एक ही कप्तान को सभी प्रारूपों में रखने की रही है और गिल अभी टेस्ट व वनडे के कप्तान हैं। ऐसे में टी20 की कप्तानी उन्हें मिले, यह मुश्किल लगता है। चोपड़ा ने यह भी कहा कि ईमानदारी से देखें तो अगर गिल टी20 टीम में भी जगह बना लें तो वह अपने आप में बड़ी बात होगी।

