एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश अमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन के सचिव और अंतरराष्ट्रीय अम्पायर जे.सी. शर्मा बहरीन में होने वाले तीसरे एशियन यूथ गेम्स में भारत की ओर से रेफरी और जूरी मेम्बर के रूप में शामिल होंगे। यह प्रतियोगिता 22 से 31 अक्टूबर 2025 तक बहरीन में आयोजित की जा रही है। एसोसिएशन के पूर्व सचिव और संरक्षक एम.एल. चौहान ने बताया कि बहरीन आयोजन समिति ने जे.सी. शर्मा को यह जिम्मेदारी उनकी उत्कृष्ट अम्पायरिंग अनुभव और कबड्डी खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए सौंपी है। शर्मा इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिताओं में रेफरी रह चुके हैं।
16 अक्टूबर को रवाना होंगे जे.सी. शर्मा
मध्यप्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के सचिव जे.सी. शर्मा 16 अक्टूबर को भोपाल से बहरीन के लिए रवाना होंगे। चौहान ने बताया कि शर्मा ने वर्षों से कबड्डी को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने देश-विदेश में अम्पायरिंग करते हुए भारतीय कबड्डी को वैश्विक मंच पर मजबूत उपस्थिति दिलाई है। इस बार उनका चयन न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे भारत के लिए गौरव का अवसर है।
खेल जगत में खुशी, बधाइयों की झड़ी
शर्मा के चयन पर मध्यप्रदेश कबड्डी जगत में खुशी की लहर है। एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक जोशी पिन्टू, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामजीवन गोदारा, अनवर खान, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह, स्वदीप सिंह, रेफरी बोर्ड कन्वीनर शानु यादव, कोषाध्यक्ष नन्दकिशोर खटोलिया, और तकनीकी समिति के जे.एस. परमार सहित कई खेल पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी। प्रो कबड्डी अम्पायर अरुण राजपूत, बृजेश बागोरा, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी दर्शना वाकड़े, और भोपाल जिला कबड्डी संघ के सचिव शैलेन्द्र सिंह राजपूत ने कहा कि शर्मा की नियुक्ति प्रदेश के युवाओं को प्रेरणा देगी।

