भोपाल, नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स। स्थानीय बाबे आली क्रिकेट स्टेडियम पर खेली जा रही पांचवीं सैयद शकील मोहम्मद ऑल इंडिया क्रिकेट टूर्नामेंट में जबलपुर डिफेंस ने मास्टर ग्रुप के सेमीफाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए गोल्डन टाइगर्स को 37 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जबलपुर डिफेंस ने समित भट्ट की शानदार 128 रन की पारी और साहिल ठाकुर के 86 रनों की बदौलत 235 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोल्डन टाइगर्स की टीम पीयूष (45) और अभिषेक (48) के प्रयासों के बावजूद 198 रनों पर सिमट गई। इस मुकाबले में शतकवीर समित भट्ट को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन का दूसरा मुकाबला मयंक और सागर के बीच खेला गया। मयंक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रारब्ध मिश्रा के शानदार शतक 104 रन और प्रियांशु के 45 रनों की मदद से 229 रन बनाए। जवाब में सागर की ओर से युवराज (63) और रजत (45) ने संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 161 रनों पर ऑल आउट हो गई। मयंक ने यह मैच 68 रन से जीता। इस मैच के मैन ऑफ द मैच प्रारब्ध मिश्रा रहे।मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार बीडीसीए के सह सचिव मुजीबउद्दीन, सीनियर खिलाड़ी कशिश सक्सेना, लौरेंस तथा सेंट माइकल क्रिकेट अकादमी के सैयद अयान शकील ने प्रदान किए।

