हुबली. रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल के दूसरे दिन जम्मू कश्मीर ने अपनी पहली पारी में 500 का आंकड़ा पार कर लिया, जिससे कर्नाटक की टीम दबाव में आ गई है। पहले दिन 284/2 पर खेल समाप्त होने के बाद, दूसरे दिन 156 ओवर में जम्मू कश्मीर ने 527/6 का स्कोर बनाया। बारिश और खराब रोशनी के कारण हुबली में खेल जल्दी रुका। जम्मू कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा, कन्हैया वधावन और साहिल लूथरा ने अर्धशतकीय पारियां खेली। पहले सत्र में टीम को दो झटके लगे, जब शुभम पुंडीर 121 और अब्दुल समद 61 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद डोगरा ने वधावन के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 110 रनों की शतकीय साझेदारी निभाई। लंच के बाद वधावन 70 रन बनाकर पवेलियन लौटे, लेकिन डोगरा ने लूथरा के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 54 और चाय के पहले छठे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की। इस समय लूथरा 57 और आदिब मुश्ताक 20 रन नाबाद थे। कर्नाटक की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए, जबकि विद्याधर पाटिल, श्रेयस गोपाल और शिखर शेट्टी ने 1-1 विकेट लिए। मैच के तीसरे दिन जम्मू कश्मीर 600 रन के आंकड़े को छूने की कोशिश करेगी, जबकि कर्नाटक को उम्मीद है कि वह विपक्षी बल्लेबाजों को जल्दी आउट करके पहली पारी में बड़ा स्कोर रोक सके।

