मोहाली। इंग्लैंड के खिलाफ मोहाली टेस्ट में भारतीय टीम तीसरे दिन के खेल की शुरुआत पहली पारी की बढ़त की उम्मीद के साथ करेगी। दूसरे दिन के नाबाद बल्लेबाज आर अश्विन और रवींद्र जडेजा के कंधों पर यह जिम्मेदारी है। दोनों ने रविवार को सातवें विकेट के लिए 67 रन जोड़कर भारत की वापसी कराई। अश्विन ने बल्ले से अच्छा प्रदर्शन करते हुए टेस्ट क्रिकेट में नौवां अर्धशतक जमाया। इस सीरीज में अश्विन के स्कोर 70, 32, 57, 07 और नाबाद 57 (खेल रहे हैं) रन रहे हैं। उन्होंने रविवार को 81 गेंद का सामना करते हुए आठ चौके जमाये। जडेजा ने अपनी पारी के दौरान तीन चौके और एक छक्का लगाया। इस जोड़ी के साथ मैदान पर आने से पहले भारत के छह विकेट 204 रन पर गिर गए थे।
इंग्लैंड को 283 रन पर समेटने के बाद भारत की शुरुआत भी खराब रही। 39 रन के टीम स्कोर पर मुरली विजय बेन स्टोक्स की गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 12 रन बनाए। आठ साल बाद वापसी कर रहे विकेटकीपर पार्थिव पटेल 42 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा(51) और कप्तान विराट कोहली (62) के बीच तीसरे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी हुई। पुजारा चायकाल के बाद दूसरी ही गेंद पर आदिल रशीद के शिकार बने। उनके जाते ही भारतीय मिडिल ऑर्डर ढह गया। अजिंक्य रहाणे बिना खाता खोले और पहला टेस्ट खेल रहे करुण नैयर चार रन बनाकर आउट हुए। हालांकि कप्तान विराट कोहली ने एक छोर थामे रखा और अर्धशतक पूरा किया। इंग्लैंड की ओर से रशीद सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्हें तीन विकेट मिले।