17 बार के वर्ल्ड चैंपियन का करियर दिसंबर में खत्म होगा, बॉस्टन बनेगा आख़िरी जंग का गवाह
नई दिल्ली. डब्ल्यूडब्ल्यूई (WWE) ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि जॉन सीना इस साल के अंत में आखिरी बार रिंग में उतरेंगे। 17 बार के वर्ल्ड चैंपियन सीना का विदाई मुकाबला 13 दिसंबर 2025 को होगा, जब “सैटरडे नाइट्स मेन इवेंट” का खास संस्करण आयोजित किया जाएगा। यह इवेंट अमेरिकी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पिकॉक (Peacock) पर लाइव और एक्सक्लूसिव प्रसारित होगा। माना जा रहा है कि यह ऐतिहासिक मुकाबला सीना के गृह राज्य मैसाचुसेट्स के बॉस्टन के टीडी गार्डन में होगा। सीना ने पिछले साल ही ऐलान किया था कि 2025 उनका आखिरी साल होगा और अब इस फैसले पर मुहर लग गई है। WWE और NBC की नई मल्टी-ईयर डील के तहत “सैटरडे नाइट्स मेन इवेंट” साल में चार बार दिखाया जाएगा और इसी श्रृंखला के तहत जॉन सीना का रिटायरमेंट मैच होगा।
48 वर्षीय जॉन सीना के करियर का यह आखिरी पड़ाव उनके फैंस के लिए भावुक करने वाला होगा। विदाई से पहले उनके पास कुछ खास मुकाबले बाकी हैं। 31 अगस्त को पेरिस में होने वाले इवेंट में सीना का सामना लोगन पॉल से होगा। इसके बाद 20 सितंबर को वे व्रैसल पालूजा (Wrestle Palooza) के पहले संस्करण में ब्रॉक लेसनर के खिलाफ भिड़ेंगे। सीना ने अपने करियर में WWE को नई ऊंचाइयां दीं और 17 वर्ल्ड टाइटल जीतकर इतिहास रचा। NBC स्पोर्ट्स के अध्यक्ष रिक कोर्डेला ने कहा कि पिकॉक और WWE के बीच शानदार साझेदारी रही है और जॉन सीना का रिटायरमेंट मुकाबला उनके लिए प्रीमियम कंटेंट होगा। सीना का विदाई मैच न सिर्फ WWE इतिहास में एक यादगार लम्हा होगा बल्कि उनके लाखों फैंस के लिए भी भावनाओं से भरा क्षण साबित होगा।

