नई दिल्ली: पाकिस्तान ने नवंबर और दिसंबर में भारत में होने वाले जूनियर हॉकी विश्व कप से अपना नाम वापस ले लिया है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने शुक्रवार को न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से इसकी पुष्टि की। एफआईएच ने बताया कि पाकिस्तान की जगह किस टीम को इस वैश्विक टूर्नामेंट में शामिल किया जाएगा, इसकी घोषणा जल्द की जाएगी। जूनियर हॉकी विश्व कप का आयोजन 28 नवंबर से 28 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में किया जाएगा।
एफआईएच ने बताया, हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने एफआईएच को सूचित कर दिया है कि आगामी हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 के लिए शुरू में क्वालिफाई करने वाली उसकी टीम अंततः इसमें भाग नहीं लेगी। पाकिस्तान की जगह कौन सी टीम इस टूर्नामेंट का हिस्सा होगी, इसकी घोषणा जल्द कर दी जाएगी।
भारत-पाकिस्तान के बीच रिश्तों में तनाव
भारत और पाकिस्तान के बीच हाल के समय में संबंध काफी तनावपूर्ण रहे हैं। इस साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से सैन्य कार्रवाई की थी। इसके साथ ही भारत ने स्पष्ट कर दिया कि किसी भी खेल आयोजन के लिए उनकी टीमें पाकिस्तान का दौरा नहीं करेंगी।

