Khelo India: वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल, जम्मू-कश्मीर का स्वर्णिम आगाज, यूपी-ओडिशा ने भी लहराया परचम

0

श्रीनगर: खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स का रंगारंग आगाज़ वीरवार को डल झील में हुआ। तीन दिन चलने वाले इस खेल महाकुंभ के पहले दिन जम्मू-कश्मीर के मोहसिन अली ने कयाकिंग K-1, 1000 मीटर (पुरुष) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। वहीं उत्तर प्रदेश के विशाल कुमार ने कैनोइंग C-1, 1000 मीटर (पुरुष) और ओडिशा की रश्मिका साहू ने कैनोइंग C-1, 200 मीटर (महिला) स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी-अपनी टीम का परचम लहराया। शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर के बैक लॉन में गुरुवार को खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल का रंगारंग शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद रहे।

वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में देशभर से कुल 409 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 202 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। इसमें मध्य प्रदेश के सबसे ज्यादा 44 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जबकि हरियाणा से 37, ओडिशा से 34 और केरल से 33 खिलाड़ी पहुंचे हैं। दूसरी ओर गुजरात, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल की टीमें सबसे छोटी मानी जा रही हैं। वहीं, मार्च में भोपाल में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता के शीर्ष आठ खिलाड़ी रोइंग इवेंट में हिस्सा ले रहे हैं। दिल्ली का प्रतिनिधित्व कर रहे आर्मी के रोवर अर्जुन लाल जाट इस फेस्टिवल के मुख्य आकर्षणों में से एक होंगे। 28 वर्षीय अर्जुन जाट 2020 टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और हांगझोऊ एशियाई खेल 2022 में लाइटवेट डबल स्कल्स स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम कर चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here