नई दिल्ली : देश की सेवानिवृत्त ट्रैक और फील्ड एथलीट और वर्तमान में इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा के पति, वी श्रीनिवासन का निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यक्तिगत रूप से पीटी उषा से बात की और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई। श्रीनिवासन का निधन कोझिकोड स्थित उनके आवास पर हुआ। 67 वर्षीय श्रीनिवासन बीती रात अचानक बेहोश होकर गिर पड़े थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पति के निधन के समय दिल्ली में थीं पीटी उषा
वर्तमान में इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पीटी उषा के पति का निधन उस समय हुआ जब वह कोझिकोड स्थित अपने आवास पर मौजूद नहीं थीं। गुरुवार को यह घटना तब घटी जब पीटी उषा पार्लियामेंट सेशन के बाद घर लौट रही थीं। इस हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर फैल गई है। परिवार के सदस्यों ने मीडिया और अन्य लोगों से इस दुख के समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है।
श्रीनिवासन केंद्र सरकार के पूर्व कर्मचारी थे
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वी श्रीनिवासन सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) से रिटायर्ड डिप्टी SP थे। उन्होंने 1991 में अपनी दूर की रिश्तेदार पीटी उषा से विवाह किया था। उनका एक बेटा है, डॉ. उज्ज्वल विग्नेश। श्रीनिवासन हमेशा पीटी उषा के खेल और राजनीतिक जीवन में उनका साथ देते रहे और उनके लिए सहारा और प्रेरणा का स्रोत बने। उनके अंतिम संस्कार का समय अभी निर्धारित नहीं किया गया है।
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने व्यक्त किया शोक
वी श्रीनिवासन के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने भी शोक व्यक्त किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने ट्वीट में लिखा, “राज्यसभा सांसद और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी उषा के पति, वी. श्रीनिवासन जी के निधन की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। उषा जी और उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। इस कठिन समय में उन्हें साहस और हिम्मत मिले, इसकी मैं प्रार्थना करता हूं।”

