भोपाल। (nst news) मध्यप्रदेश में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से “खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025: मध्यप्रदेश का ओलंपिक” का आयोजन 10 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने रविवार को प्रेसवार्ता में बताया कि यह देश में पहली बार होगा, जब खेल विभाग और सभी मान्यता प्राप्त खेल संघ मिलकर एक साझा मंच पर प्रतियोगिताओं का संचालन करेंगे।
मंत्री सारंग ने बताया कि यूथ गेम्स की चयन प्रक्रिया ब्लॉक स्तर से शुरू होगी। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं 10 से 15 जनवरी, जिला स्तरीय 16 से 20 जनवरी, संभाग स्तरीय 21 से 25 जनवरी और राज्य स्तरीय मुकाबले 28 से 31 जनवरी 2026 तक होंगे।
इस प्रक्रिया में प्रदेश के 313 विकासखंडों की भागीदारी रहेगी, जबकि राज्य स्तर पर आठ संभागों की टीमें हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि यूथ गेम्स में भाग लेने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भविष्य में राज्य टीम के चयन में प्राथमिकता दी जाएगी। खेल संघों के साथ बेहतर तालमेल के लिए समन्वय अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है। आयोजन को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से उद्घाटन और समापन समारोह में खेल प्रेमियों को आमंत्रित किया जाएगा, साथ ही राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधि भी अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025 में कुल 27 खेल शामिल किए गए हैं। पहली बार पारंपरिक खेलों पिट्टू और रस्साकशी को भी प्रतियोगिता का हिस्सा बनाया गया है। युवाओं में क्रिकेट की लोकप्रियता को देखते हुए महिला और पुरुष क्रिकेट को भी शामिल किया गया है। मंत्री ने बताया कि तीन चरणों में 14 खेल, चार चरणों में 7 खेल और 6 खेलों की प्रतियोगिताएं सीधे राज्य स्तर पर आयोजित होंगी।
राज्य स्तरीय मुकाबले भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शिवपुरी, ग्वालियर, सागर और नर्मदापुरम में आयोजित किए जाएंगे। भोपाल में एथलेटिक्स, शूटिंग, तैराकी और पुरुष क्रिकेट, इंदौर में बास्केटबॉल और टेबल टेनिस, उज्जैन में मल्लखम्ब और कुश्ती, ग्वालियर में महिला हॉकी, रीवा में फुटबॉल, जबलपुर में खो-खो और सागर में वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों की मेजबानी होगी।
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों के लिए सकारात्मक माहौल बना है। खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025 उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मजबूत मंच देगा और मध्यप्रदेश को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

