31.6 C
New Delhi
Friday, March 13, 2026

राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में होगा खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 का भव्य समापन

एनएसटी न्यूज, भोपाल। प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाले खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 का भव्य समापन समारोह शनिवार 31 जनवरी को शाम 5 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल में आयोजित किया जाएगा। इस गरिमामय समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह में खेलो एमपी यूथ गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और संभागों को सम्मानित किया जाएगा। समापन समारोह की तैयारियों को लेकर सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को तात्या टोपे स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, पुरस्कार वितरण, अतिथियों की व्यवस्था, मंच संचालन और सुरक्षा सहित सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंत्री श्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समापन समारोह पूरी तरह गरिमामय, सुव्यवस्थित और समयबद्ध हो, ताकि खेलो एमपी यूथ गेम्स की सफलता का प्रभावशाली समापन हो सके। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और भविष्य के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की पहचान करने में अहम भूमिका निभाई है। अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 का आयोजन 13 जनवरी से प्रारंभ हुआ, जिसमें प्रदेशभर में 28 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में ब्लॉक, जिला, संभाग और राज्य स्तर पर एक लाख से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से युवाओं की व्यापक भागीदारी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

लोअर लेक में कयाकिंग-कैनोइंग का रोमांच

खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत लोअर लेक, भोपाल में आयोजित कयाकिंग और कैनोइंग प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने जल पर संतुलन, गति और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया। C1 गर्ल्स 200 मीटर फाइनल में भोपाल की प्रगति शर्मा ने 50.476 सेकेंड में स्वर्ण पदक जीता। टीकमगढ़ की माही शाऊ को रजत और हरदा की वेदिका बिश्नोई को कांस्य पदक मिला। C2 गर्ल्स 500 मीटर फाइनल में भोपाल की दिव्यानी दुगर ने 2:18.388 मिनट के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। K4 गर्ल्स 500 मीटर टीम स्पर्धा में भोपाल की टीम ने स्वर्ण, जबकि टीकमगढ़ ने रजत और हरदा ने कांस्य पदक जीता। K4 बॉयज 500 मीटर में भी भोपाल की टीम अव्वल रही, टीकमगढ़ को रजत और उज्जैन को कांस्य पदक मिला।

बॉक्सिंग में युवा मुक्केबाजों का दमखम

टीटी नगर स्टेडियम, भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने तकनीकी कौशल और रणनीतिक खेल का शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में विभिन्न भार वर्गों में आर्यन शर्मा, अमृत गुप्ता, खुशदीप बिश्नोई, अभिषेक बघेल, प्रियांश कीर और प्रज्वल पुरोहित ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। बालिका वर्ग में स्नेहा वर्मा, प्रियंशी सेंगर, आशिता रावत, ऋद्धि पांडेय, वरिधि दुबे, दीति सोनी और नव्या थापा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

अंडर-19 क्रिकेट में भोपाल डिवीजन चैंपियन

खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 की अंडर-19 बॉयस क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में भोपाल डिवीजन ने ग्वालियर को 159 रन से हराकर खिताब जीता। भोपाल को ट्रॉफी के साथ 31 हजार रुपए का पुरस्कार मिला, जबकि ग्वालियर रनरअप रहा। तीसरा स्थान सागर डिवीजन को मिला। खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 ने प्रदेश में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और विश्वास पैदा किया है। समापन समारोह के साथ यह आयोजन न केवल उपलब्धियों का उत्सव होगा, बल्कि प्रदेश की खेल यात्रा को नई दिशा देने का प्रतीक भी बनेगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles