नई दिल्ली । इशान किशन और हार्दिक पंड्या की तूफानी बल्लेबाज़ी तथा वरुण चक्रवर्ती की घातक गेंदबाज़ी के दम पर भारत ने टी20 विश्व कप 2026 में नामीबिया को 93 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस मुकाबले में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हार्दिक पंड्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दिल्ली में खेले गए इस मैच में नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन बनाए। इशान किशन ने 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए 61 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि हार्दिक पंड्या ने 28 गेंदों में 52 रन बनाए। दोनों के बीच आक्रामक साझेदारी ने भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। भारत ने मात्र 6.5 ओवर में 100 रन पूरे किए, जो टी20 विश्व कप इतिहास में किसी भी टीम द्वारा सबसे तेज़ 100 रन हैं।
जवाब में 210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया की टीम 116 रन पर सिमट गई। शुरुआती ओवरों में तेज़ शुरुआत के बाद वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल की स्पिन जोड़ी ने मैच का रुख पलट दिया। वरुण ने 3 विकेट सिर्फ 7 रन देकर झटके, जबकि अक्षर ने भी बीच के ओवरों में दबाव बनाए रखा। डेथ ओवरों में जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या ने शेष काम पूरा कर नामीबिया की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत की, बल्कि कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।

