31.6 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

किशन, पंत या जुरेल: वनडे टीम में जगह किसे मिलेगी? तीनों खिलाड़ियों के आंकड़े

नई दिल्ली : भारतीय टीम साल 2026 में अपना अभियान 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से शुरू करेगी। इस सीरीज के लिए अभी तक भारतीय स्क्वाड का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। कप्तान शुभमन गिल की वापसी लगभग तय मानी जा रही है, जबकि श्रेयस अय्यर की पूरी फिटनेस पर अभी संशय बना हुआ है। इसके अलावा विकेटकीपिंग के दूसरे विकल्प को लेकर भी चयनकर्ताओं के सामने बड़ा सिरदर्द खड़ा हो गया है।

भारतीय टीम में पिछले कुछ समय से वनडे क्रिकेट में केएल राहुल ही मुख्य विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में खेल रहे हैं। इसी कारण, टीम ने लगातार अलग-अलग खिलाड़ियों को दूसरे विकेटकीपिंग विकल्प के तौर पर आजमाया है, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर टीम में संतुलन बनाए रखा जा सके। अब आगामी सीरीज के लिए चयनकर्ताओं के सामने यह फैसला करना चुनौतीपूर्ण होने वाला है। क्योंकि ऋषभ पंत, ईशान किशन और ध्रुव जुरेल तीनों ने ही मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जिससे टीम में किसे मौका देना है यह बड़ा सिरदर्द बन गया है।

किशन, पंत या जुरेल: वनडे टीम में जगह किसे मिलेगी?

इशान किशन ने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम में जगह बनाई थी। उन्हें यह मौका सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में 516 रन बनाने के शानदार प्रदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। अब वनडे सीरीज में उनकी वापसी को लेकर भी कई रिपोर्ट सामने आ रही हैं, जिससे उनके फॉर्म और टीम चयन पर उत्सुकता बढ़ गई है। अगर ऋषभ पंत की बात करें तो वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में वनडे स्क्वाड का हिस्सा थे लेकिन उन्हें जगह नहीं मिल पाई थी। ध्रुव जुरेल को हाल ही में साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज के लिए बतौर सेकंड विकेटकीपर चुना गया था।

हालिया प्रदर्शन के लिहाज से देखें तो लिस्ट ए में ध्रुव जुरेल का बल्ला आग उगल रहा है। उन्होंने मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में 80, 67 और 160 नाबाद रनों की पारी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। दूसरी ओर इशान किशन भी पीछे नहीं हैं जिन्होंने विजय हजारे में अपना पहला मैच इस साल खेलते हुए 33 गेंद पर शतक जड़ा था और 39 गेंदों पर 125 रन की पारी खेली थी।

वहीं पंत ने इस टूर्नामेंट की पिछली तीन पारियों में 5, 70 और 22 रन बनाए थे। इस हिसाब से ध्रुव जुरेल का पलड़ा भारी लग रहा है। पिछली सीरीज में भी वह ही बतौर सेकंड विकेटकीपर स्क्वाड का हिस्सा थे। अगर ओवरऑल आंकड़ों की बात करें तो अनुभव के लिहाज से और हाल ही में टी20 में चयन के बाद इशान किशन का पलड़ा काफी भारी नजर आता है। वहीं, ऋषभ पंत को लेकर कुछ हालिया रिपोर्ट्स में यह भी संकेत मिले हैं कि उन्हें आगामी वनडे सीरीज से आराम दिया जा सकता है, जिससे टीम चयन में उनकी स्थिति अनिश्चित बनी हुई है।

पंत vs किशन vs जुरेल: प्रदर्शन के आंकड़े

ध्रुव जुरेल ने अभी तक भारत के लिए वनडे डेब्यू नहीं किया है। लिस्ट ए मैचों में उनके नाम 10 पारियों में 496 रन दर्ज हैं, जिसमें चार अर्धशतक और एक शतक शामिल है। वहीं, ऋषभ पंत ने अपना आखिरी वनडे इंटरनेशनल अगस्त 2024 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। उनके नाम कुल 31 मैचों की 27 पारियों में 871 रन हैं, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत लगभग 23 का है।

इशान किशन के वनडे आंकड़े बेहद प्रभावशाली हैं। उन्होंने 24 पारियों में कुल 933 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक शामिल है जिसे उन्होंने दोहरे शतक में तब्दील किया था। किशन का वनडे में उच्चतम स्कोर 210 रन है और उनका औसत 42 से अधिक का है। इसके अलावा, उनका स्ट्राइक रेट 100 से ऊपर है और उन्होंने सात अर्धशतक भी वनडे इंटरनेशनल में लगाए हैं, जो उनके निरंतर और आक्रामक प्रदर्शन को दर्शाता है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles