नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में कैमरन ग्रीन पर जबरदस्त बोली लगी। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर के लिए पहले राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच कड़ी टक्कर हुई, जिसके बाद सीएसके ने भी इस दौड़ में एंट्री ली। लेकिन अंत में केकेआर ने बाज़ी मारी और कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में अपने स्क्वाड में शामिल कर लिया। इस खरीद के साथ ग्रीन अब आईपीएल इतिहास के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी और सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं।
कैमरन ग्रीन की इस रिकॉर्ड तोड़ बोली के बाद पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड भी टूट गया है। कमिंस को आईपीएल 2024 के ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने 20.50 करोड़ रुपये में खरीदा था, जबकि स्टार्क पर केकेआर ने 2024 के ऑक्शन में 24.75 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी। अब केकेआर ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए कैमरन ग्रीन पर 25.20 करोड़ की भारी बोली लगाई और उसे अपनी टीम में शामिल किया।
आईपीएल इतिहास के पांच सबसे महंगे खिलाड़ी
- ऋषभ पंत- 27 करोड़ (लखनऊ सुपर जायंट्स)
- श्रेयस अय्यर- 26.75 करोड़ (पंजाब किंग्स)
- कैमरन ग्रीन- 25.20 करोड़ (केकेआर), 2025 मिनी ऑक्शन
- मिचेल स्टार्क- 24.75 करोड़ (कोलकाता नाइट राइडर्स)
- वेंकटेश अय्यर- 23.75 करोड़ (कोलकाता नाइट राइडर्स)
18 करोड़ से ज्यादा नहीं मिलेंगे खिलाड़ियों को: जानें पूरा विवरण
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 ऑक्शन में मैक्सिमम फीस का नियम लागू किया गया है। इस नियम के तहत किसी भी विदेशी खिलाड़ी को 18 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान नहीं किया जा सकता, जबकि यह सबसे बड़ा स्लैब 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों को रिटेन करने के लिए था। यदि किसी खिलाड़ी पर बोली 18 करोड़ रुपये से अधिक होती है, तो अतिरिक्त रकम का इस्तेमाल बीसीसीआई खिलाड़ियों के कल्याण और बेहतरी के लिए करेगा। यह नियम केवल विदेशी खिलाड़ियों पर लागू होगा और भारतीय खिलाड़ियों पर इसका असर नहीं होगा।
कैमरन ग्रीन का आईपीएल रिकॉर्ड: सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने
कैमरन ग्रीन आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस और आईपीएल 2024 में आरसीबी का हिस्सा रहे हैं। अब तक उन्होंने इस लीग में कुल 29 मैच खेले हैं। उनके नाम 28 पारियों में 707 रन दर्ज हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 16 विकेट भी अपने नाम किए हैं। पिछला सीजन वह चोट के कारण नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब उनकी वापसी आगामी सीजन में केकेआर की जर्सी में होगी।

