नई दिल्ली : इंडोनेशिया के 28 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज गेडे प्रियांडाना ने इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। वह एक ओवर में पांच विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। प्रियांडाना ने यह अनोखा कारनामा मंगलवार (23 दिसंबर) को बाली में कंबोडिया के खिलाफ खेले गए पहले टी20 मुकाबले में किया। खास बात यह है कि यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह पहले पुरुष या महिला खिलाड़ी हैं।
यह पहली बार है जब किसी गेंदबाज ने इंटरनेशनल मैच में एक ओवर में पांच विकेट लिए हैं, लेकिन 14 बार ऐसा हुआ है जब किसी गेंदबाज ने एक ओवर में चार विकेट लिए हैं। इनमें श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसित मलिंगा शामिल हैं, जिन्होंने 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक टी20 मैच के तीसरे ओवर में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लिए थे।
एक ओवर, 1 रन और 5 विकेट: T20I में नया रिकॉर्ड
मैच में इंडोनेशिया का पलड़ा भारी था, लेकिन 168 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 15वें ओवर के आखिर तक कंबोडिया अभी भी मैच से बाहर नहीं था। उसने 5 विकेट पर 106 रन बनाए थे। अपना पहला ओवर फेंकते हुए प्रियांडाना ने पहली तीन गेंदों पर शाह अबरार हुसैन, निर्मलजीत सिंह और चैंथोउन रथानाक को पवेलियन भेजकर हैट्रिक की। इसके बाद एक डॉट बॉल हुई। अगली दो गेंदों पर प्रियांडाना ने मोंगदारा सोक और पेल वेन्नक को आउट करके मैच खत्म कर दिया। कंबोडिया को इस ओवर में सिर्फ एक रन वाइड से मिला और टीम 60 रन से हार गई।
गेंद से चमके, बल्ले से रहे फीके प्रियांडाना
इससे पहले प्रियांडाना ने विकेटकीपर-बल्लेबाज धर्म केसमा के साथ पारी की शुरुआत की थी और 11 गेंदों में 6 रन बनाए। वहीं धर्म केसमा ने इंडोनेशिया की ओर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए 68 गेंदों में आठ चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 110 रन की पारी खेली। उल्लेखनीय है कि पुरुष टी20 क्रिकेट में अब तक दो गेंदबाज एक ओवर में 5 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं।
एक ओवर में 5 विकेट लेकर रचा गया क्रिकेट इतिहास
बांग्लादेश के अल-अमीन हुसैन ने 2013-14 के विक्ट्री डे टी20 कप में यूसीबी-बीसीबी XI की ओर से खेलते हुए अबाहाणी लिमिटेड के खिलाफ एक ही ओवर में पांच विकेट झटके थे। इसके अलावा, कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2019-20 के सेमीफाइनल मुकाबले में हरियाणा के पांच बल्लेबाजों को एक ही ओवर में पवेलियन भेजकर यह दुर्लभ उपलब्धि हासिल की थी।

