एनएसटी न्यूज, भोपाल। राजधानी के टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय टारगेटबॉल प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई वर्गों में पदक हासिल किए। मध्य प्रदेश टारगेटबॉल संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में 12वीं जूनियर, चौथी मिक्स, 11वीं सब जूनियर और चौथी मिक्स सब जूनियर श्रेणियों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। चार दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में देशभर से 700 से अधिक बालक और बालिकाओं ने हिस्सा लिया। समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक भगवानदास सबनानी, सोनू पालीवाल, विशाल सपकाले (सदस्य, मप्र टारगेटबॉल संघ) और पार्षद ब्रजुला सचान मौजूद रहे।जूनियर बालक वर्ग में उत्तराखंड ने पहला स्थान प्राप्त किया, केरल दूसरे और मध्य प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा। जूनियर बालिका वर्ग में केरल पहले, मध्य प्रदेश दूसरे और तमिलनाडु तीसरे स्थान पर रहा। मिक्स जूनियर वर्ग में तमिलनाडु ने प्रथम स्थान, केरल ने द्वितीय और तमिलनाडु सीबीएसई तथा उत्तराखंड ने तृतीय स्थान साझा किया। सब जूनियर बालक वर्ग में मध्य प्रदेश ने पहला स्थान हासिल किया, तमिलनाडु दूसरे और राजस्थान तीसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में तमिलनाडु पहले, मध्य प्रदेश दूसरे और राजस्थान तीसरे स्थान पर रहा। मिक्स सब जूनियर वर्ग में मध्य प्रदेश ने प्रथम, तमिलनाडु ने द्वितीय और बिहार व राजस्थान ने तृतीय स्थान साझा किया। कार्यक्रम का संचालन त्रिवेणी सिरोईया ने किया और आभार प्रदर्शन अभिषेक सिंह, सचिव, मध्य प्रदेश टारगेटबॉल संघ ने किया। प्रतियोगिता ने देशभर के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान किया।

