एनएसटी न्यूज, भोपाल: मध्यप्रदेश के स्टार तैराक अद्वैत पागे और स्टार गोताखोर पलक शर्मा 11वीं एशियन स्वीमिंग चैंपियनशिप 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता 28 सितंबर से 11 अक्टूबर 2025 तक अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित की जाएगी। इसमें लगभग 30 एशियाई देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में स्वीमिंग, डाइविंग, वाटर पोलो और आर्टिस्टिक स्विमिंग के मुकाबले होंगे।

मध्यप्रदेश स्वीमिंग एसोसिएशन के सचिव जय वर्मा ने बताया कि अद्वैत पागे और पलक शर्मा पिछले एक माह से भारतीय तैराकी टीम के अभ्यास शिविर में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष पीयूष शर्मा ने उम्मीद जताई कि दोनों प्रतिभावान खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष पीयूष शर्मा, सचिव जय वर्मा, कोषाध्यक्ष योगेंद्र सिंह राठौड़ और अन्य पदाधिकारी गणों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और उनकी स्वर्णिम सफलता की कामना की।

