एनएसटी न्यूज, भोपाल। रांची में आयोजित चौथी साउथ एशियन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश के तेज धावक अर्जुन वास्कले ने 1500 मीटर दौड़ में 3 मिनट 54.58 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। टीटी नगर स्टेडियम स्थित राज्य एथलेटिक्स अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त अर्जुन ने शुरुआत से ही लय और रफ्तार बनाए रखी और अंतिम चरण में जबरदस्त स्प्रिंट के साथ फिनिश लाइन पार की। उनके पीछे श्रीलंका के गल्लागे रुसीरु चथ ने 3:55.12 सेकंड में रजत और रोजिदीन मोहामथु ने 3:55.95 सेकंड में कांस्य पदक जीता। इस रोमांचक मुकाबले में अर्जुन की रणनीतिक दौड़ और संतुलन ने सभी को प्रभावित किया। खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अर्जुन को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत मध्यप्रदेश की नई खेल पीढ़ी के आत्मविश्वास और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अर्जुन का प्रदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणा है। अर्जुन की सफलता के पीछे अकादमी का उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और अनुभवी कोचों का मार्गदर्शन अहम रहा।

