नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस समय तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है, जिसके बाद दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज आयोजित की जाएगी। हालांकि, टी20 सीरीज शुरू होने से पहले ही भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण पूरी टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनके रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मुकाबले के दौरान गेंदबाजी करते समय वॉशिंगटन सुंदर को पसलियों के निचले हिस्से में तेज दर्द महसूस हुआ। इसके बाद कराए गए स्कैन में उनके साइड स्ट्रेन की पुष्टि हुई, जिसके चलते उन्हें कुछ दिनों के आराम की सलाह दी गई है। अब वह आगे के इलाज और रिहैब के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे। वॉशिंगटन सुंदर के बाहर होने के बाद उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया गया है।
दूसरी ओर तिलक वर्मा भी चोट के कारण अस्पताल में भर्ती कराए गए थे, जिसके बाद उनकी सर्जरी करानी पड़ी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बताया जा रहा है कि वह करीब एक महीने तक क्रिकेट के मैदान से दूर रह सकते हैं। इसी वजह से बीसीसीआई ने उन्हें पहले ही न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के शुरुआती तीन मैचों से बाहर कर दिया था। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों के लिए श्रेयस अय्यर को टीम में चुना गया है, जिसकी जानकारी बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर दी है।
श्रेयस अय्यर ने भारतीय टीम के लिए साल 2021 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद से अब तक वह 51 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 1104 रन बना चुके हैं, जिसमें उनके बल्ले से 8 अर्धशतक शामिल हैं।
टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर (पहले तीन T20I), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन, रवि बिश्नोई।

