नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम स्वदेश लौट चुकी है। टूर्नामेंट में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से लगातार बड़े और सख्त फैसले लिए जा रहे हैं। पाकिस्तान में यह आम बात रही है कि किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने पर कप्तान और हेड कोच को लेकर बदलाव किए जाते हैं।
हालांकि इस बार टेस्ट टीम के नए हेड कोच को लेकर जो खबरें सामने आ रही हैं, वे काफी चौंकाने वाली हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज सरफराज अहमद को टेस्ट फॉर्मेट में टीम का नया हेड कोच बनाया जा सकता है। खास बात यह है कि सरफराज ने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान नहीं किया है, इसके बावजूद उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चा तेज हो गई है।
पाकिस्तानी टीम के टेस्ट में हेड कोच का पद अक्टूबर 2025 से खाली है, जिसको भरने के लिए बोर्ड पिछले काफी समय से नए चेहरे की तलाश कर रहा है। ऐसे में अब पाकिस्तान के जियो न्यूज के अनुसार सरफराज अहमद को टेस्ट टीम का नया हेड कोच बनाने का फैसला लगभग कर लिया गया है, जिसमें इसको लेकर जल्द ऐलान किया जा सकता है। सरफराज अहमद अभी पाकिस्तानी अंडर-19 टीम में मेंटर की जिम्मेदारी को संभाल रहे हैं, जिसमें वह अभी पाकिस्तानी शाहीन टीम के साथ यूएई में हैं जहां पर इंग्लैंड लायंस के खिलाफ सीरीज खेली जा रही है। पाकिस्तानी को अपनी अगली टेस्ट सीरीज मई महीने में बांग्लादेश के दौरे पर खेलनी है जहां से सरफराज अहमद इस पद की जिम्मेदारी को संभाल सकते हैं। इस सीरीज का पहला मैच 8 मई से जबकि दूसरा टेस्ट 16 मई को खेला जाएगा, जिसमें ये सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का भी हिस्सा है।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सरफराज अहमद पाकिस्तानी टीम के सफल कप्तानों में से एक माने जाते हैं, जिसमें उनके नेतृत्व में पाकिस्तान ने साल 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी को अपने नाम किया था। वहीं सरफराज ने जहां 117 वनडे मैचों में खेलते हुए 2315 रन बनाए हैं, तो वहीं उन्होंने 54 टेस्ट मैच भी खेले हैं जहां उनके बल्ले से 3031 रन देखने को मिले हैं। इसके अलावा सरफराज अहमद ने 61 टी20 इंटरनेशनल भी अपने करियर में खेलते हुए 818 रन बनाए हैं।

