नई दिल्ली : विराट कोहली पिछले हफ्ते ही वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर 1 बने थे, जो उनके लिए लगभग पांच साल बाद यह उपलब्धि थी। लेकिन वह इस पोजीशन पर महज 8 दिन भी टिक नहीं पाए। अब न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल ने उन्हें पीछे छोड़ते हुए दुनिया के नंबर 1 वनडे बल्लेबाज का खिताब हासिल कर लिया है। वहीं, रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर को भी न्यूजीलैंड सीरीज में खराब प्रदर्शन का खामियाजा भुगतना पड़ा है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में शतक जड़ने वाले केएल राहुल को फायदा हुआ है। वह अब टॉप 10 बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। वहीं श्रेयस अय्यर टॉप 10 से बाहर हो गए हैं। भारतीय कप्तान शुभमन गिल की पोजीशन पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। वह नंबर पांच पर बने हुए हैं। रोहित शर्मा अब नंबर 3 से नंबर चार पर खिसक गए हैं। अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान ने नंबर 3 की कुर्सी कब्जा ली है।
ये हैं आईसीसी वनडे रैंकिंग के टॉप 10 बल्लेबाज
1- डेरिल मिचेल (न्यूजीलैंड): 845 रेटिंग पॉइंट्स
2- विराट कोहली (भारत): 795 रेटिंग पॉइंट्स
3- इब्राहिम जादरान (अफगानिस्तान): 764 रेटिंग पॉइंट्स
4- रोहित शर्मा (भारत): 757 रेटिंग पॉइंट्स
5- शुभमन गिल (भारत): 723 रेटिंग पॉइंट्स
6- बाबर आजम (पाकिस्तान): 722 रेटिंग पॉइंट्स
7- हैरी टेक्टर (आयरलैंड): 708 रेटिंग पॉइंट्स
8- शाय होप (वेस्टइंडीज): 701 रेटिंग पॉइंट्स
9- चरित असालंका (श्रीलंका): 690 रेटिंग पॉइंट्स
10- केएल राहुल (भारत): 670 रेटिंग पॉइंट्स
कुलदीप यादव के लिए मुश्किल भरा पल
आईसीसी गेंदबाजों की रैंकिंग में कुलदीप यादव को तगड़ा नुकसान हुआ है। न्यूजीलैंड सीरीज में खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ा और वह सीधे तीसरे स्थान से 7वें स्थान पर फिसल गए हैं। टॉप 10 में मौजूद इकलौते भारतीय गेंदबाज अब कुलदीप ही हैं। वहीं, रविंद्र जडेजा 21वें स्थान से 25वें स्थान पर खिसक गए हैं। इसके विपरीत, मोहम्मद सिराज को फायदा हुआ है और वह 15वें स्थान से 14वें स्थान पर आ गए हैं।

