कोलंबो: श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर मलिंदा पुष्पकुमारा ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 1000 विकेट पूरे कर इतिहास रच दिया है। इसके साथ ही वह 1000 विकेट लेने वाले श्रीलंका के चौथे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि मुथैया मुरलीधरन (1374 विकेट), रंगना हेराथ (1080 विकेट) और दिनुका हेतियाराचि (1000 विकेट) हासिल कर चुके हैं। 38 वर्षीय पुष्पकुमारा ने यह रिकॉर्ड श्रीलंका मेजर लीग के तीन दिवसीय मुकाबले में बदूरेलिया स्पोर्ट्स क्लब की ओर से खेलते हुए मूर्स स्पोर्ट्स क्लब के खिलाफ बनाया। मैच की शुरुआत उन्होंने 998 विकेट के साथ की थी और 137 रन देकर 7 विकेट झटकते हुए अपनी टीम को एक पारी और 46 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
तीन दिवसीय मुकाबले के अंतिम दिन मूर्स के बल्लेबाज पासिंदु सुरियाबंडारा को आउट कर पुष्पकुमारा ने अपना 1000वां विकेट हासिल किया। इसके साथ ही वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 1000 विकेट लेने वाले दुनिया के 218वें गेंदबाज बने। मौजूदा खिलाड़ियों में पुष्पकुमारा के अलावा सिर्फ दो गेंदबाजों ने यह आंकड़ा छुआ है। इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन ने 2021 में और साउथ अफ्रीका के साइमन हार्मर ने पिछले साल यह उपलब्धि हासिल की थी। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के नाथन लायन 860 विकेट के साथ सबसे नजदीक हैं। नवंबर 2006 में डेब्यू करने वाले पुष्पकुमारा अब तक 173 प्रथम श्रेणी मैच खेल चुके हैं। उन्होंने 86 बार पारी में पांच विकेट और 28 बार मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा किया है। उनके नाम पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का श्रीलंकाई रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने 2019 में कोलंबो क्रिकेट क्लब के लिए 37 रन देकर 10 विकेट लिए थे।
पुष्पकुमारा ने 2018 में आखिरी बार अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। मुरलीधरन और हेराथ जैसे दिग्गज स्पिनरों की मौजूदगी के कारण उनका टेस्ट करियर लंबा नहीं चल सका। 2017-18 में खेले गए चार टेस्ट मैचों में उन्होंने 14 विकेट लिए थे। लगभग 20 साल के करियर में पुष्पकुमारा घरेलू क्रिकेट के सबसे सफल गेंदबाजों में शुमार रहे हैं और अब 1000 विकेट क्लब में शामिल होकर उन्होंने अपनी महान उपलब्धि दर्ज करा दी है।

