एनएसटी न्यूज, भोपाल। मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT) भोपाल की पुरुष वॉलीबॉल टीम ने अखिल भारतीय अंतर-एनआईटी वॉलीबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। यह प्रतियोगिता 24 से 26 अक्टूबर तक एनआईटी राउरकेला में हुई, जिसमें देशभर के 27 एनआईटी ने हिस्सा लिया।MANIT भोपाल की टीम ने शुरुआत से ही अपना दम दिखाया। लीग मैचों में टीम ने NIT श्रीनगर और NIT नागपुर को 2-0 से हराया। मजबूत तालमेल, साफ रणनीति और स्थिर खेल ने उन्हें क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाया। क्वार्टर फाइनल में टीम का मुकाबला मेजबान NIT राउरकेला से हुआ। घरेलू भीड़ के दबाव के बावजूद MANIT ने 2-0 से मैच जीता। टीम के तीखे हमलों और मजबूत बचाव ने विरोधी को संभलने का मौका नहीं दिया। सेमीफाइनल में NIT हमीरपुर के खिलाफ खिलाड़ियों ने और बेहतर खेल दिखाया। दमदार सर्विस, सटीक स्मैश और लगातार रिदम बनाए रखते हुए टीम ने 3-1 से जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में उनका सामना NIT कालीकट से हुआ। मैच ज़ोरदार रहा और टीम ने शानदार डिफेंस और आक्रामक रैलियों से मुकाबला रोमांचक बना दिया। हालांकि कड़ा संघर्ष करने के बाद MANIT भोपाल को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। टूर्नामेंट में टीम के समर्पण, अनुशासन और खेल भावना की झलक साफ दिखी। यह उपलब्धि खिलाड़ियों और संस्थान दोनों के लिए गर्व का क्षण है। MANIT भोपाल के निदेशक डॉ. करुणेश कुमार शुक्ला ने खिलाड़ियों को बधाई दी। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र जैन और संकाय कल्याण संकायाध्यक्ष अलका भारत ने भी टीम की सराहना की।

