नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स, भोपाल। भोपाल के बाबे आली क्रिकेट स्टेडियम पर खेली जा रही पांचवी सैयद शकील मोहम्मद ऑल इंडिया क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को दो अहम मुकाबले खेले गए। टूर्नामेंट का आयोजन सेंट माइकल क्रिकेट अकादमी द्वारा किया जा रहा है। दिन का पहला मुकाबला एलबीएस दिल्ली और विदिशा के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए विदिशा की टीम 110 रन पर ऑल आउट हो गई। विदिशा की ओर से आर्यन ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलबीएस दिल्ली की टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 113 रन बनाते हुए एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। एलबीएस की ओर से मनदीप सिंह ने 23 रनों की उपयोगी पारी खेली और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन का दूसरा और निर्णायक मुकाबला एलबीएस दिल्ली और एमसीसी के बीच खेला गया। एलबीएस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अमन यादव के 55 रन और संपूर्ण के 30 रनों की बदौलत 174 रनों का लक्ष्य रखा। गेंदबाजी में एमसीसी की ओर से प्रारब्ध मिश्रा ने तीन विकेट झटके। जवाबी पारी में एमसीसी की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। प्रियांशु के 52 रन और प्रारब्ध मिश्रा के 49 रनों की मदद से एमसीसी ने 175 रन तीन विकेट के नुकसान पर बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ एमसीसी ने फाइनल में जगह पक्की कर ली। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्रारब्ध मिश्रा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दोनों मुकाबलों में मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार शमशुल हसन एवं सेंट माइकल क्रिकेट अकादमी के सैयद अयान शकील द्वारा प्रदान किए गए।

