एनएसटी न्यूज, भोपाल। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार रात करीब 9 बजे टीटी नगर स्टेडियम पहुंचकर खेलो एमपी यूथ गेम्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के शुभारंभ समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया। देर रात किए गए इस निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने आयोजन स्थल पर मौजूद व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने कहा कि राज्य स्तरीय शुभारंभ समारोह गरिमामय, सुव्यवस्थित और भव्य होना चाहिए, ताकि प्रदेश की खेल संस्कृति, संगठन क्षमता और युवाओं की ऊर्जा का प्रभावी प्रदर्शन हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों की टीमें भाग लें और खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा अतिथियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

मंत्री ने प्रवेश व्यवस्था, मंच सज्जा, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, यातायात प्रबंधन और दर्शक सुविधाओं की विशेष समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही, उन्होंने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस आयोजन से जुड़ सकें। मंत्री सारंग ने अधिकारियों से खिलाड़ियों की आवागमन, ठहराव, भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं को सुचारू और समयबद्ध रखने को कहा, जिससे खिलाड़ी पूरी एकाग्रता के साथ प्रतियोगिताओं में भाग ले सकें।

