प्रधानमंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
(NST News) भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें संस्करण में मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभाओं की खुलकर सराहना की। उन्होंने शहडोल जिले के विचारपुर ग्राम की मिनी ब्राजील फुटबॉल टीम और प्रदेश की वॉटर स्पोर्ट्स टीम का विशेष उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आदिवासी अंचलों से निकल रही खेल प्रतिभाएं आज पूरे देश का नाम रोशन कर रही हैं। उनके इस उल्लेख से प्रदेश के खिलाड़ियों में उत्साह का नया संचार हुआ है।
विचारपुर की फुटबॉल क्रांति को मिला वैश्विक मंच
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री ने दो वर्ष पहले 30 जुलाई 2023 को भी विचारपुर ग्राम को ‘मिनी ब्राजील’ कहकर संबोधित किया था। आज उसी विचारपुर की फुटबॉल क्रांति विश्व स्तर पर पहचान बना रही है। प्रधानमंत्री के पॉडकास्ट में उल्लेख किए जाने के बाद जर्मनी के प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लब FC Ingolstadt 04 ने विचारपुर के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की इच्छा जताई है। इस क्लब ने गांव के 2 बालक, 2 बालिका और 1 प्रशिक्षक को 4 से 12 अक्टूबर तक जर्मनी आमंत्रित किया है। इस दौरान खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सारंग ने कहा कि यह अवसर विचारपुर के खिलाड़ियों को नई दिशा देगा और मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभा को वैश्विक पहचान दिलाएगा।
वॉटर स्पोर्ट्स में मध्यप्रदेश का दबदबा
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में मध्यप्रदेश की वॉटर स्पोर्ट्स टीम का भी जिक्र किया। श्रीनगर में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर कुल 18 पदक हासिल किए और पहला स्थान प्राप्त किया। प्रधानमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि यह जीत साबित करती है कि देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रतिभाएं उभर रही हैं और खेलों में भारत को नई ऊंचाई दे रही हैं।
सरकार का संकल्प और खिलाड़ियों की प्रेरणा
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री का छोटे-छोटे विषयों पर ध्यान देना और आदिवासी अंचलों की प्रतिभाओं को मंच देना बेहद उत्साहवर्धक है। उनका यह दृष्टिकोण न केवल खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है बल्कि समाज के लिए भी सकारात्मक दिशा तय करता है। सारंग ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार फुटबॉल और वॉटर स्पोर्ट्स जैसे खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। विचारपुर ग्राम की फुटबॉल प्रतिभा और प्रदेश की वॉटर स्पोर्ट्स टीम की उपलब्धि यह साबित करती है कि अगर सही मार्गदर्शन और सुविधाएं मिलें तो खिलाड़ी किसी भी स्तर पर सफलता पा सकते हैं। प्रधानमंत्री की बधाई हमारे लिए ऊर्जा और संकल्प का स्रोत है और यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

