हर्षिनी को दोहरा खिताब, एकल और युगल में बनी चैंपियन, दूसरे क्रम के प्रणील बने बालक एकल विजेता, इन्दौर की पहल को बालिका युगल फाइनल में मिली मात
इंदौर: मध्यप्रदेश टेनिस एसोसिएशन द्वारा आयोजित व मोयरा सरिया द्वारा प्रायोजित इंटरनेशनल वर्ल्ड टेनिस टूर जूनियर आईटीएफ जे-60 ग्रेड-4 टेनिस चैंपियनशिप में उलटफेर करते हुए दूसरी वरीयता प्राप्त प्रणील शर्मा व हर्षिनी नागराज ने क्रमशः बालक व बालिका एकल का खिताब अपने नाम किया। वहीं हर्षिनी ने दीया रमेश के साथ खेलते हुए बालिका युगल का खिताब अपने नाम कर दोहरी सफलता अर्जित की। वहीं बालक युगल में दूसरी वरीयता प्राप्त समर्थ सहिता व तनुष घिलदयाल विजेता बने। इंदौर की पहल को बालिका युगल के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
इन्दौर टेनिस क्लब में खेली गई इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जूनियर टेनिस स्पर्धा में बालक वर्ग का खिताबी मुकाबला शीर्ष क्रम के समर्थ सहिता व दूसरे क्रम के प्रणील शर्मा के मध्य था। दोनों ही खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंचे थे। लेकिन फाइनल में प्रणील ने समर्थ के खिलाफ ज्यादा उम्दा खेल दिखाया और मुकाबला 6-2, 7-6(5) से अपने नाम कर खिताब जीता। पहले सेट में प्रणील ने समर्थ की लगातार सर्विस ब्रेक करते हुए आसानी से सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में प्रणील को समर्थ से कड़ी टक्कर मिली और मैच टाईब्रेक तक चला गया। दोनों ही खिलाड़ी अपनी सर्विस बचाते हुए खेल रह थे, जिसके कारण दूसरे सेट का फैसला टाईब्रेक से निकालना पड़ा। टाईब्रेक में प्रणील ने उम्दा सर्विस और बेहतर फोरहैंड का प्रदर्शन करते हुए समर्थ को गलतियां करने पर मजबूर किया और प्रणील ने चैंपियनशिप अपने नाम की।
वहीं बालिका एकल का फाइनल मुकाबला पहले क्रम की दीया रमेश व दूसरे क्रम की हर्षिनी नागराज के के मध्य था। बालक वर्ग की तरह बालिका वर्ग में भी दोनों शीर्ष खिलाड़ी आमने-सामने थे। हर्षिनी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और शीर्ष क्रम की दीया रमेश को आसानी से 6-3, 6-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस मुकाबले में दीया ने काफी गलतियां की, जिसका फायदा हर्षिनी को मिली और उन्हें विजेता होने का गौरव हासिल हुआ। दोनो युगल में पार्टनर होकर भी खेली।
युगल में दीया और हर्षिनी तथा समर्थ व तनुष बने चैंपियन
बालिका युगल का खिताबी मुकाबला शीर्ष क्रम की हर्षिनी नागराज व दीया रमेश की जोड़ी का गैर वरीयता प्राप्त पहल खराड़कर व सेजल भूतड़ा के मध्य था। फाइनल तक धमाकेदार प्रदर्शन करने वाली पहल व सेजल शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी के समक्ष जादू नहीं चला पाई। हर्षिनी और दीया ने फाइनल मुकाबला आसानी से 6-4, 6-2 से अपने नाम किया। हर्षिनी ने इस जीत के साथ एकल के बाद युगल खिताब भी अपने नाम किया।
बालक युगल के फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त समर्थ सहिता व तनुष घिलदयाल ने शीर्ष वरीयता प्राप्त आदित्य मोर व प्रणील शर्मा को 6-3, 6-1 से हराकर अपने नाम किया। समर्थ व तनुष का उम्दा तालमेल शीर्ष वरीयता जोड़ी पर भारी पड़ा और आसानी से खिताब अपने नाम किया। पुरस्कार वितरण एमरल्ड हाईट्स स्कूल के संचालक मुक्तेश सिहं के आतिथ्य में हुआ। विशेष अतिथि गोल्डन इंटरनेशनल स्कूल संचालक गोपाल अग्रवाल थे। इस अवसर पर आईटीसी ट्रस्टी हेमंत पटवा, बी.एस. छाबड़ा, मुख्य रैफरी एंटोन डिसूजा उपस्थित थे। संचालन रवि पटेल ने किया।
खिताब जीतने वाले को मिले 60 अंक
इस टूर्नामेंट को जीतने पर एकल खिलाड़ी को 60 आईटीएफ अंक हासिल होते है जो उनकी रैंकिंग को बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हुए है। वहीं उपविजेता को 36 अंक, सेमीफाइनल खेलने वालों को 18 अंक, क्वार्टर फाइनल खेलने वालों को 10 तथा प्री-क्वार्टर फाइनल खेलने वालों को 5 अंक हासिल हुए। इसी तरह युगल वर्ग का खिताब जीतने पर 45 अंक, उपविजेता को 27 अंक, सेमीफाइनलिस्ट को 14 तथा क्वार्टर फाइनलिस्ट को 7 आईटीएफ अंक मिले।

