एनएसटी न्यूज, भोपाल। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जन्मजयंती के अवसर पर आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को देशभर के खेल प्रेमियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया। भोपाल लोकसभा क्षेत्र का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विधायक भगवानदास सबनानी, रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय, भाजपा जिलाध्यक्ष रविन्द्र यती, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, पूर्व सांसद आलोक संजर, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, सेज ग्रुप के चेयरमैन संजीव अग्रवाल, पूर्व ओलंपियन समीर दाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 में भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन प्रस्तावित है, ऐसे में युवा खिलाड़ी अभी से लक्ष्य बनाकर तैयारी करें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि खेलों को लेकर समाज और अभिभावकों की सोच तेजी से बदल रही है। ‘जेन-जी’ का खेलों के प्रति बढ़ता रुझान देश की ताकत बनेगा। फिट इंडिया, स्कूल गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स और सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल हार-जीत से परे अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।

लोकनृत्य और बैंड बने आकर्षण
मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव के दौरान उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। पारंपरिक लोकनृत्य और बैंड की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पुरस्कार वितरण के दौरान रंगीन गुब्बारे छोड़कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया गया।
76 हजार से अधिक युवाओं ने कराया पंजीयन
सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि भोपाल लोकसभा क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत 76 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पोर्टल पर पंजीयन कराया। सीहोर और बैरसिया जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में कुश्ती, कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ क्रिकेट, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, फुटबॉल और हॉकी में भी युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया।

तीन स्तर पर हुई प्रतियोगिताएं
सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ 24 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया था। इसके बाद तीन महीनों तक ग्राम, ब्लॉक और लोकसभा स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन
इसी क्रम में भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने मध्य विधानसभा क्षेत्र के ओल्ड कैंपियन ग्राउंड में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, अंशुल तिवारी, कृष्णा घाडगे, राजेंद्र गुप्ता, पार्षद मोनू गोहिल, मंडल अध्यक्ष अभिषेक पुरोहित सहित पार्टी कार्यकर्ता और खेल जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

