(NST News) भोपाल। एनआरआई ग्लोबल डिस्कवरी स्कूल में आयोजित सीबीएसई वेस्ट जोन तैराकी प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के तैराकों ने चौथे दिन जबरदस्त प्रदर्शन किया। प्रदेश के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने नौ स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य सहित कुल 26 पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के 400 स्कूलों के 2000 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। गुरुवार को अंडर-14 बालक वर्ग में शिशुकुंज स्कूल, इंदौर के क्रिशिव दोषी ने स्वर्ण और अक्षित पोरवाल ने कांस्य जीता। बालिका वर्ग में शिशुकुंज की पहल साहू ने स्वर्ण, मंशा चंदेल ने कांस्य और एकलव्य स्कूल की कनक विजयवर्गीय ने कांस्य पदक जीता। अंडर-17 बालक वर्ग में सत्या साईं स्कूल के कनिष्क सुरेका ने स्वर्ण और ज्ञानोदय स्कूल, नीमच के पृथ्वीराज सिंह हरोड ने कांस्य पदक जीता। बालिका वर्ग में शिशुकुंज की विहा ठाकुर ने स्वर्ण, एडवांस्ड अकादमी की कनक करवारे ने रजत और डीपीएस राऊ की समृद्धि भंडारी ने कांस्य पदक जीता।

200 मीटर बटरफ्लाई में शिशुकुंज के मौलिक डावर ने रजत, हरमनी जैन ने स्वर्ण और मंशा चंदेल ने कांस्य पदक जीता। अंडर-17 बालक वर्ग में एपीएन स्कूल, जबलपुर के रोहन अंबुरे ने स्वर्ण और आइबीएस ग्लोबल उज्जैन के शिवोहम तिवारी ने रजत पदक जीता। बालिका वर्ग में इंदौर पब्लिक स्कूल की आस्था गोसाई ने स्वर्ण, एसपीएस हुजूर की हिमांशी परमार ने रजत और डीपीएस भदभदा की कृतिशा दनवानी ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-19 बालक वर्ग में इंदौर पब्लिक स्कूल के कृष्णा राजेंद्र श्रीवास ने रजत और कोलोनेल अकादमी, महू के अश्विन राणा ने कांस्य पदक जीता। बालिका वर्ग में एसपीएस हुजूर की सरान्या ने रजत पदक जीता। 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले अंडर-17 में जबलपुर के रोहन अंबुरे ने स्वर्ण, इंदौर के कनिष्क सुरेका ने रजत और नीमच के पृथ्वीराज सिंह ने कांस्य पदक जीता। बालिका वर्ग में इंदौर पब्लिक स्कूल की आस्था गोसाई ने स्वर्ण और डीपीएस भोपाल की कृतिशा दनवानी ने कांस्य पदक जीता।
इस मौके पर मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह और बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं को पदक वितरित किए और कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम हैं। स्कूल के चेयरमैन सुबोध सिंह और सचिव जयश्री सिंह भी उपस्थित रहे।

