एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ और पब्लिक वाणी द्वारा आयोजित ठाकुर हुकुम सिंह स्मृति अखिल भारतीय ग्रीन पैराडाइस कप के पहले सेमीफाइनल में एनसीसीसी ने ऐस अकादमी को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। एनसीसीसी के कप्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऐस अकादमी ने 34.5 ओवरों में 133/10 रन बनाए। टीम के लिए सूर्य प्रताप सिंह ने 21, आदित्य सिंह ने 20 और आयुष सिंगरौली ने 18 रन बनाए। एनसीसीसी की ओर से अभिराज खरे ने 3 विकेट लिए, जबकि गौतम सिंह रघुवंशी और पवन निर्वाणी ने 2-2 विकेट लिए। जवाबी पारी में एनसीसीसी ने 24.4 ओवरों में 134/2 बनाकर लक्ष्य हासिल किया। अभिराज खरे नाबाद 69* रन बनाकर नायक बने, वहीं सिद्धार्थ उपाध्याय ने 37 और मोहित झाबा ने 17* रन बनाए। अभिराज खरे को दोहरे प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के पूर्व संयुक्त सचिव मोहन चतुर्वेदी, वरिष्ठ क्रिकेटर विशाल अय्यर और राकेश सिंह बिष्ट “बब्लू” द्वारा प्रदान किया गया। अगला सेमीफाइनल मैच मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी और राजगढ़ जिला क्रिकेट संघ के बीच प्रातः 9 बजे ओल्ड कैम्पियन मैदान में खेला जाएगा।

