नई दिल्ली : क्रिस्टियानो रोनाल्डो के 41वें जन्मदिन पर जहां जश्न का माहौल था, वहीं सऊदी प्रो लीग की ओर से आई एक सख्त चेतावनी ने फुटबॉल जगत में हलचल मचा दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ट्रांसफर खर्च को लेकर रोनाल्डो की अल नस्र से कथित नाराजगी और एक मैच से दूरी बनाए रखने की खबरों के बीच लीग ने स्पष्ट कर दिया कि सऊदी प्रो लीग में हर क्लब अपने फैसले खुद लेने के लिए स्वतंत्र है और क्लब से ऊपर कोई भी खिलाड़ी नहीं होता। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस बयान के बाद रोनाल्डो के भविष्य, उनकी उपलब्धता और अल नस्र की आगे की रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
यह चेतावनी ऐसे समय जारी हुई जब पुर्तगाली सुपरस्टार के ट्रांसफर खर्च को लेकर हालिया विवाद के कारण वह अल नस्र के लिए एक मैच से बाहर बैठे। अल नस्र के अल रियाद के खिलाफ पिछले मैच में खेलने से इनकार करने के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने बुधवार चार फरवरी 2026 को X पर ट्रेनिंग करते हुए अपनी एक तस्वीर पोस्ट की। यह भी बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार छह फरवरी 2026 को लीग की प्रतिद्वंद्वी अल-इत्तिहाद के खिलाफ मैच से बाहर रह सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पांच बार बैलन डी’ओर जीत चुके क्रिस्टियानो रोनाल्डो क्लब के संचालन और फैसलों से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। अल नस्र भी सऊदी अरब के सॉवरेन वेल्थ फंड (PIF) के स्वामित्व में है, जैसा कि अल हिलाल, अल अहली और अल इत्तिहाद के साथ है। हालांकि, खबरों में यह भी सामने आया है कि रोनाल्डो को इस बात को लेकर नाराज़गी है कि अल नस्र को अन्य तीन क्लबों की तुलना में PIF से अपेक्षाकृत कम वित्तीय सहयोग मिल रहा है।
SLP का दो टूक बयान: हर क्लब अपने फैसले खुद करेगा
सऊदी प्रो लीग (SPL) ने गुरुवार, 5 फरवरी 2026 को अपनी प्रतिक्रिया दी। लीग ने स्पष्ट किया कि क्लबों से जुड़े वित्तीय निर्णय स्वतंत्र रहेंगे और हर क्लब अपनी रणनीति के अनुसार काम करेगा। SPL के एक प्रवक्ता ने कहा कि लीग की नींव एक सरल सिद्धांत पर टिकी है—सभी क्लब समान नियमों के तहत स्वतंत्र रूप से संचालित होते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने आगे बताया कि प्रत्येक क्लब का अपना बोर्ड, प्रबंधन और फुटबॉल नेतृत्व होता है। खिलाड़ियों की भर्ती, खर्च और रणनीतिक फैसले क्लब स्वयं लेते हैं, जो एक तय वित्तीय ढांचे के अंतर्गत होते हैं। यह ढांचा लीग में स्थिरता और प्रतिस्पर्धात्मक संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से तैयार किया गया है और सभी क्लबों पर समान रूप से लागू होता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बयान में कहा गया, ‘क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपने आने के बाद से अल-नस्र के साथ पूरी तरह से जुड़े हुए हैं। उन्होंने क्लब की ग्रोथ और महत्वाकांक्षा में एक अहम भूमिका निभाई है। किसी भी टॉप खिलाड़ी की तरह, वह जीतना चाहते हैं, लेकिन कोई भी व्यक्ति- चाहे वह कितना भी महत्वपूर्ण क्यों न हो अपने क्लब से बाहर के फैसले तय नहीं करता है।’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बयान में स्पष्ट किया गया, ‘हाल की स्थानांतरण गतिविधि से यह आजादी साफ दिखती है। एक क्लब ने खास तरीके से अपनी टीम को मजबूत किया। दूसरे ने अलग तरीका अपनाया। ये क्लब के फैसले थे, जो स्वीकृत वित्तीय सीमा के अंदर लिए गए थे।’ रोनाल्डो की ‘हड़ताल’ तब शुरू हुई जब उनके पूर्व रियल मैड्रिड टीममेट करीम बेंजेमा से अल हिलाल ने करार कर लिया।
आख़िर क्यों भड़के रोनाल्डो? वजह आई सामने
लीग खिताब की दौड़ में अल नस्र का सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी अल हिलाल है, जिसने अल इत्तिहाद से करीम बेंजेमा को अपने साथ जोड़कर अपनी ताकत और बढ़ा ली। बेंजेमा ने गुरुवार, 5 फरवरी को अल-ओखदूद के खिलाफ हैट्रिक लगाकर अपने नए सफर की शानदार शुरुआत की। वहीं क्रिस्टियानो रोनाल्डो की नाराज़गी की मुख्य वजह यह रही कि मौजूदा ट्रांसफर विंडो में उनकी टीम अल नस्र कोई बड़ा खिलाड़ी नहीं जोड़ सकी। जनवरी में अल नस्र का इकलौता नया ट्रांसफर युवा इराकी मिडफील्डर हैदर अब्दुलकरीम रहे। अगले मैच में रोनाल्डो की उपलब्धता को लेकर भले ही संशय बना रहा, लेकिन इसके बावजूद अल नस्र ने सोशल मीडिया पर अपने स्टार स्ट्राइकर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार क्लब ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “लेजेंड और भी महान होता जा रहा है। आपकी प्रतिबद्धता, सोच और नेतृत्व हमारे सपनों को आगे बढ़ाते हैं। हैप्पी बर्थडे क्रिस्टियानो!”

