31.6 C
New Delhi
Friday, March 13, 2026

अक्षर पटेल को न खिलाना पड़ा भारी, साउथ अफ्रीका से हार के बाद डोएशे का बयान

नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम को 76 रनों से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी, जो रन के लिहाज से टूर्नामेंट में भारत की सबसे बड़ी हार बन गई। अहमदाबाद में रविवार (22 फरवरी) को खेले गए इस मैच में टीम इंडिया उपकप्तान अक्षर पटेल के बिना उतरी और उनकी जगह वाशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया, लेकिन वह गेंद और बल्ले दोनों से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे।

मैच के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर के सहयोगी रेयान टेन डोएशे ने माना कि अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना टीम की गलती साबित हुई। रेयान टेन डोएशे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,’हमने विचार-विमर्श करने में काफी समय लगाया। हम मैचअप देख रहे थे। पीछे मुड़कर देखने पर यह गलत फैसला लगा। अक्षर पर सवाल नहीं है। बहुत निराश हैं। किसी से वर्ल्ड कप थाली में परोसकर देने की उम्मीद नहीं करते। हमें एक गलती करने की छूट है। खिलाड़ी वापसी कर सकते हैं। दो बड़े मैच आने वाले हैं।’

अक्षर पटेल की जगह वाशिंगटन सुंदर को मिला मौका

भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान कहा कि वह नीदरलैंड्स के खिलाफ प्लेइंग 11 के साथ ही उतरेंगे। उन्होंने अक्षर पटेल की जगह वाशिंगटन सुंदर को खिलाने को रणनीतिक फैसला बताया। उन्होंने कहा, ‘यह अक्षर पटेल के लिए बहुत कठिन फैसला है, लेकिन हम उसी टीम के साथ जा रहे हैं। यह सिर्फ एक रणनीतिक फैसला है। इसलिए पिछले मैच से कोई बदलाव नहीं है।’

भारत का रनरेट काफी खराब

साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन बनाए और भारत के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जवाब में भारतीय टीम की बल्लेबाजी बिखर गई और पूरी टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। 76 रन की इस बड़ी हार के बाद भारत सुपर-8 के ग्रुप 1 में अंतिम स्थान पर पहुंच गया और उसका नेट रन रेट गिरकर -3.800 हो गया। वहीं साउथ अफ्रीका जीत के साथ शीर्ष स्थान पर काबिज हो गया। अब सेमीफाइनल की उम्मीद बनाए रखने के लिए भारत को अपने बाकी मुकाबलों में बड़ी जीत दर्ज करनी होगी, जहां उसे जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से भिड़ना है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles