नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच ग्रुप-डी का अहम मुकाबला खेला गया, जिसमें अफ्रीकी टीम ने 7 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। मैच में साउथ अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने टॉस जीतकर ओस को ध्यान में रखते हुए पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूज़ीलैंड की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। कीवी टीम की ओर से मार्क चैपमेन ने 26 गेंदों में 48 रन की तेज पारी खेली, जबकि डेरिल मिचेल ने 24 गेंदों में 32 रन जोड़े।
साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी में मार्को यान्सन सबसे प्रभावी रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 40 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके अलावा केशव महाराज, कॉर्बिन बॉश और लुंगी एनगिडी ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
साउथ अफ्रीका की टीम जब इस मुकाबले में पीछा करने उतरी तो उसमें उनके कप्तान एडन मार्करम और क्विंटन डी कॉक की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की, जिसमें डी कॉक 20 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गए। एडन मार्करम ने एक छोर को संभाले रखा और रन बनाने की गति को धीमे नहीं पड़ने दिया। साउथ अफ्रीका की टीम ने इस मुकाबले में टारगेट को 17.1 ओवर्स में तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया, जिसमें एडन मार्करम के बल्ले से नाबाद 44 गेंदों में 86 रनों की पारी देखने को मिली। वहीं रयान रिकल्टन और डेवाल्ड ब्रेविस ने 21-21 जबकि डेविड मिलर ने नाबाद 24 रनों की पारी खेली। साउथ अफ्रीका की टीम इस जीत के साथ सुपर-8 के लिए अपनी जगह को लगभग पक्की कर चुकी है।
न्यूजीलैंड बनाम साउथ अफ्रीका मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11
न्यूजीलैंड – फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी।
साउथ अफ्रीका – एडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी।

