नई दिल्ली : भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल की शुरुआत कुछ ही घंटों में होने वाली है। इस मुकाबले में सबसे रोचक टकराव संजू सैमसन और जोफ्रा आर्चर के बीच होने वाला है। सैमसन ने पिछले मुकाबले में टीम इंडिया को शानदार पारी खेलाकर जीत दिलाई थी, उन्होंने 50 गेंदों में नाबाद 97 रन बनाते हुए भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया था। अब उनकी चुनौती इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज Jofra Archer के सामने होगी। हालांकि, संजू का आर्चर के खिलाफ अब तक का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है, जिससे इस जंग की रोमांचकता और बढ़ जाती है।
संजू सैमसन के आंकड़े जोफ्रा आर्चर के खिलाफ
संजू सैमसन के जोफ्रा आर्चर के खिलाफ आंकड़ों की बात करें तो यह टीम इंडिया की चिंता को बढ़ा सकते हैं। ऐसा तब और हो सकता है जब वानखेड़े में सेमीफाइनल मैच के लिए तेज गेंदबाजों की मददगार पिच मिलने की चर्चा है। इसलिए इस बैटल की चर्चा चारों ओर है। पिछले साल जब भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज हुई थी, तो सैमसन लगातार आर्चर के खिलाफ परेशानी में नजर आए थे। जोफ्रा आर्चर ने संजू सैमसन को पांच में से तीन पारियों में अपना शिकार बनाया है। जबकि पांच पारियों में सैमसन इंग्लिश गेंदबाज की सिर्फ 23 गेंद ही खेल पाए हैं और उनके बल्ले से मात्र 25 रन निकले हैं। यानी आर्चर का पलड़ा आंकड़ों में तो संजू पर भारी लग रहा है। हालिया फॉर्म की बात करें तो उसमें आंकड़े दोनों खिलाड़ियों के पक्ष में हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन और जोफ्रा आर्चर का प्रदर्शन
जोफ्रा आर्चर ने इस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड की ओर से अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कुल 7 मैचों में 10 विकेट लिए हैं और वेस्टइंडीज व नेपाल के खिलाफ छोड़कर हर मैच में 9 की इकॉनमी रेट से रन दिए हैं। आर्चर ने शुरुआती ओवर्स में बल्लेबाजों पर अच्छा दबाव बनाए रखा है। वहीं, संजू सैमसन ने मौजूदा टूर्नामेंट में केवल तीन मैच खेले हैं और इन तीन पारियों में उनके बल्ले से कुल 143 रन निकले हैं। खासकर सुपर 8 के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू ने 50 गेंदों में नाबाद 97 रन की बेहतरीन पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल का टिकट दिलवाया था। ऐसे में अब भारतीय फैंस की उम्मीदें हैं कि संजू अपने इसी फॉर्म को बरकरार रखते हुए आर्चर समेत सभी इंग्लिश गेंदबाजों का सामना सफलतापूर्वक करें।

