भोपाल। भारतीय खिलाड़ियों ने ओपन इंटरनेशनल केनो स्प्रिंट चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग की ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी जीत ली है। जबकि पुर्तगाली खिलाड़ी महिला वर्ग में ओवरऑल चैंपियन बने। पुरुष वर्ग में भारत ने चार स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य के साथ 74 अंक बटोरे। जबकि पुर्तगाल को 12 स्वर्ण पदकों से 70 अंक मिले। वहीं महिला वर्ग में पुर्तगाल ने पांच स्वर्ण पदकों के साथ 50 अंक हासिल किए और मेजबान भारत को तीन स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य के साथ 49 अंक मिले। ऐसे में भारत 123 अंकों के साथ अंकतालिका के शीर्ष स्थान हासिल किया। जबकि पुर्तगाल 120 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहा।
स्पर्धा के आखिरी दिन सोमवार को पुर्तगाली खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण पदक जीते। जबकि नाइजीरिया और चीनी ताइपे के हिस्से में एक-एक स्वर्ण पदक आए। बड़ी झील में खेली गई इस चैंपियनशिप का आखिरी दिन मेहमान खिलाड़ियों के नाम रहा। महिलाओं सी-1 200 मी फाइनल रेस में नाइजीरिया की खिलाड़ी इम्मुअल ने स्वर्ण पदक जीता। जबकि हांगकॉन्ग की मिंग यू को रजत से संतोष करना पड़ा। कजाकिस्तान की डारिया को कांस्य मिला। के-1 200 मीटर रेस में पुर्तगाल की इनेस दोस सेंटोस ने स्वर्ण, तुनीनिसा की सस्सी खाउला को रजत और युक्रेन की वल्दा को कांस्य मिले। पुरुष वर्ग की सी-1 200 मीटर रेस में चाइनीज ताइपे के कुन-चाइह को गोल्ड, तजीकिस्तान के दमनोव को रजत और कजाखिस्तान के फ्रूह को कांस्य पदक मिला। के-1 200 मीटर रेस में पुर्तगाल के इगोर सैमुअल, पुर्तगाल के रुबिन मैन्युअल, और हांगकॉन्ग के पक यिन ने कांस्य हासिल किया।