रावलपिंडी। ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे को आखिरी ओवर में 5 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। 148 रन का लक्ष्य टीम ने 19.2 ओवर में हासिल किया। मैच के हीरो रहे ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज, जिन्होंने पहले गेंदबाजी में 2 विकेट लिए और फिर बल्लेबाजी में नाबाद 21 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। उनके इस प्रदर्शन पर उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी की। जिम्बाब्वे ने शानदार शुरुआत की और ओपनरों ब्रायन बेनेट व तदिवनाशे मरुमानी ने पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े। मरुमानी 30 रन बनाकर आउट हुए। बेनेट 49 रन पर खेले लेकिन फिफ्टी से एक कदम दूर रह गए।
कप्तान सिकंदर रजा ने 34 रन की तेज पारी खेलकर टीम को 147 के स्कोर तक पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी, सईम अयूब, अबरार अहमद और सलमान मिर्जा ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। साहिबजादा फरहान 16 रन पर आउट हुए। इसके बाद सईम अयूब भी 22 रन बनाकर लौटे। बड़े झटके के रूप में बाबर आजम बिना खाता खोले LBW आउट हो गए। कप्तान सलमान अली आगा भी एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए और पाकिस्तान 54 पर 4 विकेट खोकर दबाव में आ गया।
इस संकट में फखर जमान और उस्मान खान ने 61 रन जोड़कर टीम को संभाला। फखर ने 44 रन बनाए, जबकि उस्मान 37 रन पर नाबाद रहे।अंतिम ओवर में पाकिस्तान को 6 रन चाहिए थे। नवाज ने ओवर की पहली दो गेंदों पर लगातार चौके लगाकर जीत अपने नाम की। उन्होंने 12 गेंद पर नाबाद 21 रन बनाए। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने ट्राई सीरीज में विजयी शुरुआत की। अगला मुकाबला 20 नवंबर को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा।

