नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के बाद पाकिस्तान आईसीसी की संभावित कार्रवाई से बचने के लिए एक अप्रत्याशित तर्क पेश कर सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस तर्क का हवाला अनहोनी परिस्थितियों (Force Majeure) के तहत दिया जाएगा, जिसके चलते किसी अनुबंध को पूरा करना असंभव हो जाता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) 1 फरवरी को अपनी सरकार की सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला देकर आईसीसी को यह बताने की कोशिश करेगा कि वह 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला भारत के खिलाफ मैच क्यों नहीं खेल रहा। इस पोस्ट में भारत के साथ मुकाबला न खेलने का स्पष्ट निर्देश दिया गया था। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से जुड़े अधिकारी मानते हैं कि पीसीबी का यह तर्क मजबूत साबित नहीं होगा।
पाकिस्तान की अंतिम रणनीति
टी20 वर्ल्ड कप 2026 शनिवार (7 फरवरी) से शुरू होना है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इससे पहले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर जानकारी मिली थी कि अप्रत्याशित घटना की दलील देकर पाकिस्तान यह दावा करेगा कि परिस्थिति असाधारण थी और उनके कंट्रोल से बाहर थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक अधिकारी ने कहा, ‘यह उनका आखिरी विकल्प है क्योंकि उनके पास भारत के साथ न खेलने का कोई और कारण नहीं है।’
पाकिस्तान अकेला पड़ सकता है
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान सरकार के रविवार को अप्रत्याशित दखल के बाद आईसीसी ने एक बयान जारी कर पीसीबी को संभावित कार्रवाई की जानकारी दी। हालांकि, आईसीसी ने पाबंदियों के बारे में साफ तौर पर कुछ नहीं कहा, लेकिन ऐसा कहा जा रहा है कि पाकिस्तान बोर्ड को भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है, क्योंकि उनके इस कदम से ब्रॉडकास्टर को बड़ा नुकसान होगा। आईसीसी पाकिस्तान में द्विपक्षीय सीरीज पर पाबंदी लगाकर भी सजा दे सकती है। इससे पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ जाएगा।
पहले नहीं हुई कोई सख्त प्रतिक्रिया
आईसीसी टूर्नामेंट में पहले भी कई टीमें मैच खेलने से मना कर चुकी हैं और उनपर कार्रवाई नहीं हुई। 1996 वर्ल्ड कप में जब ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने श्रीलंका जाने से मना कर दिया था तो उन पर न तो कोई बैन लगाया गया और न ही उनके रेवेन्यू शेयर में कोई कटौती की गई। 2003 वर्ल्ड कप के दौरान भी ऐसा ही हुआ जब इंग्लैंड ने अपनी सरकार के निर्देशों के आधार पर जिम्बाब्वे जाने से मना कर दिया। उसी टूर्नामेंट में, न्यूजीलैंड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए नैरोबी की यात्रा नहीं की। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) पर भी कोई बैन नहीं लगाया गया जब इंग्लैंड ने 2009 टी20 वर्ल्ड कप के लिए जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों को वीजा देने से मना कर दिया था।
पाकिस्तान का अनूठा पक्ष
पाकिस्तान का मामला थोड़ा अलग है। अबतक किसी टीम ने बगैर किसी कारण के मैदान पर उतरने से मना नहीं किया है। इसलिए फोर्स मेज्योर क्लॉज की व्याख्या क्या होगी यह देखना बाकी है। अगर यह मैच भारत में होने वाला होता तो पीसीबी का तर्क मजबूत होता, लेकिन कोलंबो तटस्थ जगह है। इसके अलावा पीसीबी ने श्रीलंका में अपने मैच खेलने की प्रतिबद्धता जताई है। आईसीसी यह तर्क दे सकती है कि सिर्फ भारत के खिलाफ मैच ही क्यों नहीं खेलना है?
बीसीसीआई ने पाकिस्तान की दलील को कमजोर बताया
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से जुड़े लोगों का कहना है कि पीसीबी का तर्क कमजोर है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक बीसीसीआई पदाधिकारी ने कहा, ‘जब पाकिस्तान को उसी दिन अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत के साथ खेलने में कोई दिक्कत नहीं थी, जिस दिन उनकी सरकार ने टी20 वर्ल्ड कप मैच का बॉयकॉट करने का पोस्ट डाला था, तो यह बात काम नहीं आएगी। इसके अलावा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान सरकार में बहुत फर्क नहीं है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पीसीबी के संरक्षक हैं। पीसीबी के अध्यक्ष एक मंत्री हैं।’
पाकिस्तान बेवजह अड़ियल रवैया अपनाए हुए
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश क्रिकेट में राजनीति घोल रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय सरकार द्वारा बार-बार सुरक्षा का भरोसा देने के बावजूद बांग्लादेश की टीम भारत नहीं आई। अब पाकिस्तान भी बिना कारण अड़ियल रवैया अपना रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अधिकारी ने कहा कि पहले सहमति बनी थी कि भारत और पाकिस्तान आईसीसी टूर्नामेंट में न्यूट्रल स्थान पर खेलेंगे, इसलिए मैच का बहिष्कार करना सिर्फ शरारती कदम है।
यह संकट क्यों शुरू हुआ
क्रिकेट जगत में यह संकट तब शुरू हुआ जब बीसीसीआई ने पिछले महीने कोलकाता नाइट राइडर्स से आईपीएल 2026 के लिए बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिज़ुर रहमान को अपनी टीम से निकालने के लिए कहा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसके पीछे “हाल के घटनाक्रम” का हवाला दिया गया, जिसे बांग्लादेश में उथल-पुथल से जोड़ा जा रहा है। इसके जवाब में बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए आईसीसी से अपने टी20 वर्ल्ड कप मैच भारत से श्रीलंका में शिफ्ट करने को कहा।
बांग्लादेश बाहर, स्कॉटलैंड टूर्नामेंट में शामिल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी की बार-बार चेतावनी के बावजूद बांग्लादेश अपने रुख पर अड़ा रहा, जिसके परिणामस्वरूप टूर्नामेंट में उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर दिया गया। इस बीच पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन किया और आईसीसी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। इसके बाद पाकिस्तानी सरकार को हस्तक्षेप करना पड़ा और उसने भारत के साथ मैच का बहिष्कार करने का निर्देश जारी किया।

