नई दिल्ली : पाकिस्तान और यूएसए के बीच टी20 वर्ल्ड कप का 12वां मुकाबला खेला गया, जिसमें पाकिस्तान ने 32 रनों से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 190 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए की टीम पूरे ओवर खेलने के बावजूद 8 विकेट पर 158 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। इस टूर्नामेंट में यह पाकिस्तान की दूसरी जीत रही, जबकि यूएसए को दूसरी हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने दो साल पहले मिली हार का हिसाब भी बराबर कर लिया, जब टी20 वर्ल्ड कप 2024 में यूएसए ने उसे शिकस्त दी थी।
पाकिस्तान के लिए केवल सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और कुछ हद तक बाबर आजम ही अच्छी बल्लेबाजी कर सके। फरहान ने 41 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में 73 रन बनाए। उनकी इस पारी में 6 चौके और 5 छक्के आए। नंबर चार पर बल्लेबाजी के लिए आए पूर्व कप्तान बाबर आजम ने 32 बॉल पर 46 रन बनाए। उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। शादाब खान ने केवल 12 बॉल पर ताबड़तोड़ अंदाज में 30 रन बना दिए। इसके बाद कोई भी बल्लेबाज दहाई का भी आंकड़ा पार नहीं कर पाया। यूएसए के लिए एक बार फिर तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 25 रन देकर चार विकेट झटके। सौरभ नेत्रवलकर, मोहम्मद मोहसिन और हरमीत सिंह को एक एक सफलता मिली।
टारगेट का पीछा करने उतरी यूएसए की टीम को भी इस मैच में अच्छी शुरुआत मिली थी। पहले विकेट के लिए एंड्रीज गॉस और शयन जहांगीर ने 42 रन जोड़े। पहला विकेट गिरने के बाद यूएसए की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई। टीम के लिए एकमात्र अर्धशतक शुभम रंजने के बल्ले से आया। उन्होंने 30 बॉल पर 51 रन बनाए। वहीं शायन जहांगीर ने 34 बॉल पर 49 रन बनाए। उनके अलावा एंड्रीज गॉस ने 13 रन और मिलिंद कुमार ने 29 रन बनाए। पाकिस्तान की तरफ से उस्मान तारिक ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
इससे पहले यूएसए की टीम भारत के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेल चुकी थी, जिसमें उसने शानदार प्रदर्शन किया था। एक समय अमेरिका ने भारतीय टीम को दबाव में डाल दिया था, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव की संघर्षपूर्ण पारी की बदौलत भारत बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। वहीं पाकिस्तानी टीम ने अपना पहला मैच नीदरलैंड्स के खिलाफ खेला था, जहां वह लगभग हारा हुआ मुकाबला जीतने में कामयाब रही। अंतिम ओवरों में नीदरलैंड्स से हुई चूकों का पाकिस्तान ने पूरा फायदा उठाया और मैच अपने नाम कर लिया।
पाकिस्तान का पूरा स्क्वाड: सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेट कीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज़, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सलमान मिर्जा, अबरार अहमद, फखर जमान, नसीम शाह, ख्वाजा नफ़, उस्मान तारिक।
यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका का स्क्वाड: एंड्रीज़ गौस (विकेट कीपर), सैतेजा मुक्कामल्ला, मोनंक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वैन शल्कविक, अली खान, सौरभ नेत्रवलकर, शेहान जयसूर्या, नोस्तुश केंजीगे, शायन जहाँगीर, एहसान आदिल।

