भोपाल। पंकज जैन और धीरेन देसाई ने अपने दमदार प्रदर्शन की बदौलत 21वीं रिलायंस ट्रॉफी इंटर प्रेस टेबल टेनिस प्रतियोगिता में डबल खिताब जीते। धीरेन देसाई ने एकल फाइनल में अभिषेक को 11-7, 11-3 से हराया और फिर रजनीश त्रिपाठी को साथ लेकर अभिषेक और आलोक की जोड़ी को 11-6, 11-8 से हराकर युगल खिताब भी अपने नाम कर लिया। इसी तरह स्पोर्ट्स ग्रुप में पंकज जैन ने रामकृष्ण यदुवंशी को 11-8, 11-9 से हराकर खिताब जीता।
युगल में पंकज ने शशि शेखर को साथ लेकर पीसी रजक और कृष्णकांत की जोड़ी को 11-5, 11-8 से हराकर डबल खिताब अपने नाम किए । टीटी नगर स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में शहर के करीब 60 मीडिया से जुड़े खिलाडिय़ों ने भागीदारी की। प्रतियोगिता का समापन व पुरस्कार वितरण एशिया केटरिंग के संचालक विजय मिश्रा और यादव स्पोर्ट्स के डायरेक्टर गौरी शंकर यादव ने किया।

