नई दिल्ली: भारतीय एथलीट्स पेरिस ओलंपिक में तिरंगा बुलंद करने को तैयार किया है। भारतीय दल में शामिल कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो कि देश की रक्षा भी करते हैं और अब देश के लिए मेडल भी लाएंगे। भारतीय सेनाएं हमेशा से ही खेल को प्रोत्साहन देती आ रही है और यह सिलसिला इस ओलंपिक में भी जारी है। जानिए उन खिलाड़ियों के बारे जो देश के साथ-साथ भारतीय सेना का नाम भी रोशन करेंगे।
अविनाश साबले – भारत के 3000 मीटर स्टेपलचेज एथलीट अविनाश साबले 12वीं पास करने के बाद सेना से जुड़े। वह 5 महार रेजिमेंट में हैं। साल 2013-14 में सियाचीन में, उसके बाद उनकी राजस्थान और सिक्कम में भी पोस्टिंग रही। वह इस समय नायब सूबेदार के पद पर हैं। उन्होंने एशियन गेम्स 2022 में स्टेपलचेज इवेंट में गोल्ड और 5000 मीटर में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
नीरज चोपड़ा – भारत के इकलौते गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट नीरज चोपड़ा भी सेना से जुड़े हुए हैं। नीरज साल 2016 में सेना से जुड़े थे। वह राजपुताना राइफल्स का हिस्सा हैं। नीरज पहले नायब सूबेदार रैंक पर थे हालांकि टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने के बाद उन्हें प्रमोट करके सूबेदार की रैंक दी गई। नीरज को परम विशिष्ठ सेवा मेडल और विशिष्ठ मेडल से भी सम्मानित किया गया हैं।
अमित पंघाल – भारतीय बॉक्सर अमित पंघाल भी सेना से ही जुड़े हुए हैं। अमित 2019 के एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडलिस्ट हैं। अमित साल 2018 में सेना से जुड़े थे। वह महार रेजिमेंट के 22 बाटालियन में सूबेदार रैंक पर हैं। वह पेरिस ओलंपिक में मेडल के प्रमुख दावेदार हैं।
जैसमीन लांबोरिया – भारतीय बॉक्सर जैसमीन लांबोरिया ने 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इसी साल वह सेना से जुड़ीं। वह पहली महिला बॉक्सर हैं जो कि सेना से जुड़ी हैं। उन्हें मिलिटरी पुलिस में हवलदार की रैंक दी गई।
तरुणदीप राय – भारतीय तीरंदार तरुणदीप राय बीते 24 सालों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने साल 2004 में एथेंस ओलंपिक में देश के लिए डेब्यू किया था। वह देशके लिए कई ऐतिहासिक मेडल जीत चुके हैं। तरुण दीप गोरखा राइफ्लस में सूबेदार के पद पर हैं। उन्हें विशिष्ठ सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।
प्रवीण जाधव – भारतीय तीरंदाज प्रवीण जाधव दूसरी बार ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले हैं। वह भी सेना से जुड़े हुए हैं। जाधव 83 आरमर्ड रेजिमेंट में हवलदार के पद पर हैं। गरीब परिवार से आने वाले प्रवीण जाधव के सेना से जुड़ने से परिवार को काफी सहारा हुआ। वह सर्विसेज की तरह खेलते आ रहे हैं और उन्हीं के इंस्टीट्यूट में ट्रेनिंग करते हैं।
मोहम्मद अनस वाई – भारतीय एथलीट मोहम्मद अनस याहिया पेरिस ओलंपिक के लिए चुनी गई 4×400 मीटर पुरुष रिले टीम का हिस्सा हैं। अनस भारतीय नेवी से जुड़े हुए हैं। अनस को भारतीय नेवी की स्काउंटिंग टीम ने चुना था। उनके करियर में भारतीय नेवी का अहम रोल रहा है।
अरोकिया राजीव – भारतीय एथलीट अरोकिया राजीव पेरिस ओलंपिक में 4×400 मीटर पुरुष रिले टीम का हिस्सा हैं। राजीव भी सेना का हिस्सा हैं। वह 8 मद्रास में सूबेदाप के पद पर हैं। वह अपने रेजिमेंट से दूसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड मिला है। पूर्व भारतीय फुटबॉलर हवलदार पीटर थंगाराज भी इसी रेजिमेंट से जुड़े हुए थे।