नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2024) में काव्या मारन की फ्रेंचाइची सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) नए कप्तान की अगुआई में खेलेगी। आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी और ऑस्ट्रेलिया दिग्गज क्रिकेटर पैट कमिंस को फ्रेंचाइजी ने सोमवार, 4 मार्च को कप्तान नियुक्त किया। कमिंस को साउथ अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी एडेन मार्कराम की जगह कप्तान बनाया है।
आईपीएल 2024 की शुरुआत 22 मार्च से होगी। सनराइजर्स हैदराबाद को पहला मैच 23 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से खेलना है। इससे पहले सनराइजर्स ने बड़ा फैसला लिया है। दिसंबर 2023 में मिनी ऑक्शन में पैट कमिंस को सनराइजर्स ने 20 करोड़ 50 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा था। वह आईपीएल इतिहास में 20 करोड़ से ज्यादा की रकम में बिकने वाले पहले क्रिकेट भी बने थे। इसी ऑक्शन में उनके साथी क्रिकेटर मिचेल स्टार्क ने उनका रिकॉर्ड तोड़ा था। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 24 करोड़ 75 लाख रुपये में खरीदा था।
पैट कमिंस ने पहले आईपीएल में किसी टीम का नेतृत्व नहीं किया है। वनडे वर्ल्ड कप 2023 और उससे पहले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में ऑस्ट्रेलिया के प्रदर्शन को देखते हुए सनराइजर्स ने उन्हें कप्तान बनाया है। कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने दोनों खिताब भारत को हराकर हासिल किया। इससे पहले आईपीएल में कमिंस कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स (DC) और मुंबई इंडियंस (MI) का हिस्सा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर ध्यान देने के लिए पैट कमिंस आईपीएल 2023 में नहीं खेले थे। इससे पहले वह 2020 से 2022 तक कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रहे। वह 2014 से लीग का हिस्सा हैं। यह उनका 7वां सीजन होगा।