एनएसटी न्यूज, भोपाल। 31वें आईईएस डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में पीसी रजक के शानदार दोहरे प्रदर्शन की बदौलत पत्रिका ने दैनिक जागरण को 46 रन से हराकर टूर्नामेंट में जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मुकाबले में डीजीपी-11 ने स्पार्टन-11 को 76 रन से करारी शिकस्त देकर लगातार तीसरी जीत हासिल की। ओल्ड कैंपियन मैदान पर खेले गए मुकाबले में पत्रिका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 153 रन बनाए। टीम की ओर से रेशु त्रिपाठी ने 31 और सुभाष ने 27 रन की उपयोगी पारी खेली। दैनिक जागरण की तरफ से राहुल ने चार जबकि दिनेश ने दो विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दैनिक जागरण की टीम 16.3 ओवर में 107 रन पर सिमट गई। टीम के लिए मोनू ने 27, प्रज्वल ने 17 और कप्तान अजीत सिंह ने 10 रन बनाए। पत्रिका के पीसी रजक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। पंकज और कमर को दो-दो विकेट मिले। शानदार प्रदर्शन के लिए पीसी रजक को मानसरोवर प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि रेशु त्रिपाठी को आरएनटीयू वैल्युएबल प्लेयर अवार्ड से नवाजा गया।
डीजीपी-11 की धमाकेदार जीत
दूसरा मुकाबला बाबेअली मैदान पर खेला गया, जहां डीजीपी-11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 7 विकेट पर 172 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान अंकुश ने 34 गेंदों पर 55 रन की तेज पारी खेली। विपिन सुस्ते ने 22 गेंदों में 40 रन बनाए, जबकि मंजित ठाकुर ने 35 रन जोड़े। स्पार्टन-11 की ओर से खरे और अनुराग ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पार्टन-11 की टीम 14.3 ओवर में 96 रन पर ढेर हो गई। तपन अहिरवार ने 23 और नीरज कदम ने 16 रन बनाए। डीजीपी-11 के अरुण सिंह ने तीन विकेट झटके, जबकि शुभम चौहान और कप्तान अंकुश को दो-दो सफलता मिली। मैच के बाद मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार खेल प्रमोटर एवं बीडीसीए उपाध्यक्ष सुशील सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पत्रकार अजीत सिंह और सीनियर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट फिरोज मिर्जा ने प्रदान किया।
आज के मुकाबले
स्थल: बाबेअली ग्राउंड
जनचर्चा बनाम सुपरहीटर्स – सुबह 9:00 बजे
यूएस लोकेटर बनाम रेट्रो स्टार – दोपहर 12:30 बजे

