नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज से पहले हुए अभ्यास मैच में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इंग्लैंड लायंस के खिलाफ तीन दिवसीय मैच के दूसरे दिन ओली पोप ने शतक जड़ा, लेकिन बेन डकेट, जैक क्रॉली और बेन स्टोक्स शतक लगाने में सफल नहीं हो पाए। इसके बावजूद, टीम के लिए चिंता का बड़ा कारण पूर्व कप्तान जो रूट और उपकप्तान हैरी ब्रूक का खराब फॉर्म में रहना है।
इंग्लैंड के लिए ओली पोप ने मात्र 113 गेंदों में 100 रन बनाकर शानदार शतक लगाया। इस पारी के दम पर उन्होंने पर्थ में पहले टेस्ट के लिए अपनी जगह पक्की कर ली। इंग्लैंड के अन्य बल्लेबाजों में बेन डकेट ने 92 और जैक क्रॉली ने 82 रन बनाए, जबकि कप्तान बेन स्टोक्स ने 77 रन का योगदान दिया। वहीं, जो रूट केवल 1 और हैरी ब्रूक 2 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा जेमी स्मिथ ने 18 रन बनाए और पवेलियन लौटे।
जो रूट का ऑस्ट्रेलिया में कमजोर प्रदर्शन जारी
जो रूट का ऑस्ट्रेलिया में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। वह ऑस्ट्रेलिया में एक भी शतक नहीं लगा पाए हैं। 35 साल के इस खिलाड़ी ने 14 मैच की 27 पारियों में 35.68 के औसत से 892 रन बनाए हैं। इसमें 9 अर्धशतक शामिल हैं। 89 उनका सर्वोच्च स्कोर हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रूट ने 34 मैच की 65 पारियों में 40.46 के औसत से 2428 रन बनाए। 180 उनका सर्वोच्च स्कोर है। इसमें 4 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं।
इंग्लैंड की पारी 426 रन पर सिमटी
इंग्लैंड की पारी 85.3 ओवर में 426 रन पर सिमट गई। टीम के लिए जोफ्रा आर्चर 27 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि जेश टंग ने 14 रन जोड़े। अन्य बल्लेबाजों में गस एटकिंसन 5 और ब्रायडन कार्स 1 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड लायंस की तरफ से जैकब बेथल ने 3 विकेट लिए, वहीं नाथन गिलक्रिस्ट और मैथ्यू पॉट्स ने 2-2 विकेट झटके। इसके अलावा, मैथ्यू फिशर, शोएब बशीर और विल जैक्स ने 1-1 विकेट लिया।

