एनएसटी न्यूज, भोपाल। भारत ने एक बार फिर एशियाई खेल मंच पर इतिहास रच दिया है। भारतीय कैनोइंग और कायाकिंग महासंघ के महासचिव प्रशांत कुशवाहा को एशियन कैनो कंफेडरेशन (ACC) का नया अध्यक्ष चुना गया है। यह पहली बार है जब किसी भारतीय ने इस अंतरराष्ट्रीय संस्था की कमान संभाली है। इस उपलब्धि के साथ कुशवाहा अब उन चुनिंदा भारतीयों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने ओलंपिक खेल से जुड़े किसी एशियाई महासंघ का नेतृत्व किया है। उनसे पहले आगा हुसैन (एशियन रग्बी यूनियन) और के. गोविंदराज (एशियन बास्केटबॉल फेडरेशन) को यह सम्मान मिला था। प्रशांत कुशवाहा इस गौरवशाली सूची में तीसरे भारतीय बने हैं।
मप्र कयाकिंग एंड केनोइंग संघ के पदाधिकारी और भोपाल निवासी कुशवाहा ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, पूरे देश का है। भारत अब एशिया के खेल नेतृत्व में और मजबूती से खड़ा है। मैं कोशिश करूंगा कि कैनोइंग और कायाकिंग जैसे जल खेल एशिया के हर कोने में लोकप्रिय हों और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलें। प्रशांत कुशवाहा कई वर्षों से भारतीय कैनोइंग और कायाकिंग फेडरेशन के साथ सक्रिय रूप से जुड़े हैं। उन्होंने देश में इस खेल की बुनियादी संरचना को मजबूत करने और युवाओं को प्रशिक्षण व अंतरराष्ट्रीय exposure देने में अहम भूमिका निभाई है।

