लीवरपूल। लीवरपूल क्लब ने इंग्लिश प्रीमियर लीग में शनिवार देर रात खेले गए महत्वपूर्ण मैच में आसेर्नल को 3-1 से मात दी। इस जीत के साथ ही लीवरपूल शीर्ष चार में जगह बनाने में कामयाब हो गया है। जबकि हार के बाद आसेर्नल का स्थान पांचवा हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एनफील्ड स्टेडियम में खेले गए इस मैच में लीवरपूल के सादियो माने को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मुकाबले के पहले हॉफ की शुरुआत में ही गोल दागते हुए रोबर्टो फर्मिनो (9वें मिनट) ने लीवरपूल का खाता खोला। इसके बाद सादियो की ओर से 40वें मिनट में किए गए गोल ने क्लब को आसेर्नल पर 2-0 से बढ़त दिलाई।
मैच के दूसरे हाफ में अवसर हासिल करते हुए आसेर्नल के लिए 57वें मिनट में डेनी वेलबेक ने गोल किया। इस मैच में क्लब की ओर से किया गया यह एकमात्र गोल था। इसके बाद लीवरपूल ने इंजुरी टाइम में जियोर्जिनियो विंजाल्डम (91वें मिनट) की बदौलत तीसरा गोल दागकर आसेर्नल पर 3-1 से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही प्रीमियर लीग सूची में लीवरपूल ने तीसरा स्थान हासिल कर लिया है, वहीं आसेर्नल पांचवें स्थान पर है।

